गोरखपुर के सरैया बाजार में ऑटो पार्ट्स दुकान में लगी भीषण आग, शिक्षण संस्थान भी चपेट में; मची अफरातफरी
गोरखपुर के सरैया बाजार में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें पास के शिक्षण संस्थान तक फैल गईं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गुलरिहा के सरैया बाजार में रविवार को ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। शार्ट सर्किट से दुकान में रखे मोबिल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते लपटों ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया और आग भवन के दूसरे तल पर संचालित गुरुकुल शिक्षण संस्थान तक पहुंच गई।
धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देख बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तीसरी गाड़ी बुलानी पड़ी।
दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में दुकान में रखा करीब दस लाख रुपये का सामान जलने की बात सामने आई है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह है पूरा मामला
भगवानपुर के चौहान टोला निवासी फूलचंद कनौजिया का सरैया बाजार में मकान है। भवन के भूतल पर गणेश जी ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान संचालित होती है। राप्तीनगर निवासी अंशुमान चौधरी यहां ऑटो पार्ट्स का कारोबार करते हैं। इसी भवन के दूसरे तल पर फूलचंद के बेटे प्रेमचंद कनौजिया गुरुकुल शिक्षण संस्थान चलाते हैं। रविवार को अचानक ऑटो पार्ट्स की दुकान से धुआं उठने लगा।
बताया जा रहा है कि बिजली के शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण दुकान में रखे मोबिल ने आग पकड़ ली। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। लपटें ऊपर की ओर बढ़ीं और दूसरे तल पर स्थित शिक्षण संस्थान तक पहुंच गईं।
आग की भयावहता देखकर आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ी मंगाई गई। आग शिक्षण संस्थान तक पहुंचने से भवन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फायर विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।