कांग्रेस की अराजकता के खिलाफ सड़क पर उतरेगी भाजपा, गोरखपुर में नितिन नवीन की अगुवाई में निकालेगी पदयात्रा
भाजपा कांग्रेस के संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के प्रयासों के विरोध में 3 से 5 नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकालेगी।

लोकतंत्र बचाओ,आराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारी बैठक को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी।
HighLights
भाजपा कांग्रेस के खिलाफ 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकालेगी।
गोरखपुर में 4 नवंबर को नितिन नवीन और सीएम योगी नेतृत्व करेंगे।
पार्टी का लक्ष्य 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ओर से संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता को गुमराह करने के प्रयासों के विरोध में पार्टी प्रदेश में तीन दिवसीय शांति पदयात्रा निकालेगी। तीन से पांच नवंबर तक प्रस्तावित इस पदयात्रा को पार्टी ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नाम दिया है।
चार नवंबर को गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा का मार्गदर्शन और नेतृत्व करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसमें शामिल होंगे। पार्टी की ओर से इस क्षेत्र से कम से कम 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
पंकज चौधरी रविवार की शाम पार्टी के रानीडीहा कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 लाख लोगों के जुटने की घोषणा की गई थी, लेकिन उनके आकलन के अनुसार 25 से 30 हजार से अधिक लोग नहीं जुटे।
आरोप लगाया कि विपक्ष कुछ लोगों को दिल्ली में जुटाकर यह दिखाने का प्रयास कर रहा है कि पूरा देश उसके साथ है। भाजपा पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश देगी कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।
अखिलेश के बयान पर किया पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन नहीं होने संबंधी बयान पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी जमीन है और किसकी नहीं, इसका फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंचाई जा रही हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में प्रदेश की पहचान बदली है। कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर सरकार बनाएगी और हैट्रिक लगाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।