विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सपा ज्वाइन कर लिए क्या...' सांसद रविकिशन का तंज हुआ सच, अब अखिलेश संग BJP पार्षद की तस्वीर वायरल

Published: Fri, 16 Oct 2026 09:34 AM (IST)

भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की अखिलेश यादव से मुलाकात की तस्वीर वायरल होने के बाद उनके सपा में शामिल होने ...और पढ़ें

अखिलेश यादव के साथ भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी 'सोनू'। सौ. इंटरनेट मीडिया

अखिलेश यादव के साथ भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी 'सोनू'। सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की अखिलेश यादव से भेंट।

  2. सांसद रविकिशन से बहस के बाद बदली राजनीतिक राह।

  3. जल्द ही समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेंगे त्रिपाठी।

आशुतोष मिश्र, गोरखपुर। अखिलेश यादव के साथ भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी "सोनू" की भेंट की फोटो गुरुवार को प्रसारित हुई, तो सियासी हलके में उन्हें लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया। पिछले दिनों शहर में जलभराव को लेकर सांसद रविकिशन से उनकी गरमागरम बहस का आडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें रविकिशन बोलते सुनाई दे रहे थे- 'पार्षद जी...सपा ज्वाइन कर लिए क्या?' फिर दोनों में तीखीं बहस हुई थी।

प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनाेद तावड़े ने उन्हें मिलने के लिए दिल्ली बुलाया था। अब अखिलेश यादव को बुके भेंट करते विश्वजीत की फोटो प्रसारित होने के बाद लोगों को रविकिशन की यह बात भी याद आ रही है। फिलहाल भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी अभी सपाई तो नहीं हुए हैं, लेकिन इसमें बस औपचारिकता ही शेष है।

इस फोटो के बारे में पूछने पर वह बताते हैं कि बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भेंट हुई थी, जिसकी फोटो गुरुवार को प्रसारित हुई। उनके साथ 2027 की तैयारी पर बात हुई। दो-चार दिन में अधिकारिक तौर पर सपा की सदस्यता भी ले लेंगे।

बहस के बाद से बदली दिखी राह
बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी, रविकिशन संग हुई बहस के बाद से पार्टी लाइन से अलग राह पर नजर आने लगे थे। पिछले दिनों सपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी के चुनाव कार्यालय में बैठे उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई थी। इससे उनके सपा में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में घर पर चल रही थी अंत्येष्टि की तैयारी, तभी मुंह में तुलसी जल डालते ही खांसने लगी महिला


विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी
सांसद-पार्षद की बहस के बाद से ही विश्वजीत की राजनीतिक महत्वकांक्षा पर भी चर्चा छिड़ गई थी। इंटरनेट मीडिया पर लोग उन्हें सपा से सहजनवा विधानसभा क्षेत्र से संभावित दावेदार के रूप में देखने लगे थे। इन कयासों को बुधवार को हुई अखिलेश संग भेंट ने और हवा देने का काम किया है।

सपा से रहा है पुराना नाता
विश्वजीत पुराने सपाई रहे हैं। वह समाजवादी पार्टी के प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। दो बार पार्षदी के चुनाव में बेतियाहाता वार्ड से सपा के टिकट पर ताल ठोंकी और जीत दर्ज की। इस बार विजयश्री पाने के बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और फिलहाल भाजपाई हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर गीडा में उद्योग, व्यापार और आवास के लिए शानदार अवसर, भूखंडों का हो रहा आवंटन