बरात में युवक की चाकू मारकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
आजमगढ़ में बरात के दौरान चाकूबाजी में बड़हलगंज के एक युवक की मौत हो गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

रोते बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
बरात में चाकूबाजी से युवक की मौत।
ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे जाम किया।
पुलिस आश्वासन पर डेढ़ घंटे बाद जाम खुला।
जागरण संवाददाता, बड़हलगंज (गोरखपुर)। आजमगढ़ के जीयनपुर में मंगलवार की रात जयमाल के दौरान हुई चाकूबाजी में बड़हलगंज के युवक की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह साऊखोर मोड़ पर शव रख हाईवे जाम कर कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस-प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ और स्वजन ने अंतिम संस्कार किया।
बड़हलगंज के बेलसड़ी गांव निवासी परमानंद निषाद के पुत्र की बरात मंगलवार रात जीयनपुर (आजमगढ़) गई थी। बरात में गांव के ही 26 वर्षीय अमीरचंद साहनी भी शामिल हुए थे। जयमाल कार्यक्रम के दौरान कूलर की हवा की दिशा को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान चाकू चलने लगे, जिसमें अमीरचंद साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में राजकुमार साहनी, अभिलाष साहनी और साहिल यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नौ पर वाहन खड़ा करने पर कटेगा चालान, रेलकर्मियों को भी नहीं मिलेगी रियायत
युवक की मौत की खबर से बेलसड़ी गांव में सन्नाटा पसर गया। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो माहौल और गमगीन हो गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आक्रोशित ग्रामीण शव लेकर साऊखोर मोड़ पहुंचे और हाईवे जाम कर दिया। जाम के चलते एक लेन पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिवार के लोग और ग्रामीण अारोपितों के एनकाउंटर, परिवार को असलहे का लाइसेंस देने की मांग कर रह थे।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार गोला जयप्रकाश और थानेदार ने उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। इसके बाद मुक्तिपथ पर अंतिम संस्कार कराया गया।
