विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नौ पर वाहन खड़ा करने पर कटेगा चालान, रेलकर्मियों को भी नहीं मिलेगी रियायत

Published: Fri, 01 May 2026 11:55 AM (IST)

गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ के उत्तरी द्वार पर अब गलत तरीके से वाहन खड़ा करने पर चालान ...और पढ़ें

गोरखपुर रेलवे स्टेशन

गोरखपुर रेलवे स्टेशन 

HighLights

  1. प्लेटफॉर्म नौ के सामने गलत पार्किंग पर चालान।

  2. पिक एंड ड्रॉप के लिए ही वाहन खड़ा करने की अनुमति।

  3. रेलकर्मियों के लिए भी नए पार्किंग नियम लागू।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के उत्तरी द्वार के प्लेटफार्म नंबर नौ के सामने वाहन खड़ी की तो चालान कट जाएगा। आमजन, प्लेटफार्म के सामने सिर्फ पिक एंड ड्राप के लिए वाहन कुछ समय के लिए खड़ा कर सकते हैं। यानी, यात्री को प्लेटफार्म पर छोड़ने या ले जाने के लिए वाहन प्लेटफार्म के सामने लगा सकते हैं।

अन्यथा की स्थिति में वाहन खड़ा पाए जाने पर चालान कट जाएगा। रेलकर्मियों को भी कोई रियायत नहीं मिलेगी। वाहन खड़ा पाए जाने पर चालान कटेगा। यात्रियों के अलावा रेलकर्मियों के लिए भी अलग से वाहन स्टैंड बना दिए गए हैं। उन्हें निर्धारित स्थल पर ही वाहन खड़ा करना होगा।

नई व्यवस्था के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने गुरुवार को प्लेटफार्म नंबर नौ के सामने व स्लीपिंग पाड के नीचे खड़े 49 वाहनों का चालान काटा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उत्तरी गेट और प्लेटफार्म नंबर नौ पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों अतिरिक्त ड्यूटी लगा दी गई है। कैब-वे पर आने वाले वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्किंग का प्रावधान किया गया है तथा रेल कर्मचारियों के वाहनों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम और एजीएम के निर्देश पर उत्तरी द्वार का सौंदर्यीकरण हो रहा है। साफ-सफाई के अलावा जगह-जगह पार्क तैयार किए जा रहे हैं। यात्रियों के अलावा रेलकर्मियों के लिए अलग से वाहन स्टैंड तैयार किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में शेयर ट्रेडिंग कंपनी में 45 लाख की हेराफेरी, कर्मचारी पर केस दर्ज

चार पहिया वाहनों के लिए स्लीपिंग पाड के पीछे स्थल चिह्नित कर दिया गया है। जहां पर लाल पट्टी लगा दी गई है। सड़क के किनारे पड़े स्क्रैप को हटाकर सफाई सुनिश्चित कर दी गई है। प्रकाश और पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। उत्तरी द्वार के पूर्वी छोर पर पार्सल होल्डिंग एरिया स्थापित किया गया है।

यानी, अब उत्तरी गेट व प्लेटफार्म नंबर नौ के सामने पार्सल के वाहन इधर-उधर खड़े नहीं दिखेंगे। ट्रेनों से अनलोडिंग किए गए पार्सल को नियत स्थान पर तत्काल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, जिससे प्लेटफार्म पर यात्रियों के आने-जाने में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। ड्रेेनेज एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेशन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।