बस्ती-अयोध्या हाईवे पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा के चलते बदलाव
अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के कारण बस्ती-अयोध्या हाईवे पर मालवाहक वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

बस्ती-अयोध्या हाईवे। फोटो- जागरण
HighLights
14 कोसी परिक्रमा के लिए 17-18 नवंबर को डायवर्जन लागू।
कार्तिक पूर्णिमा पर 23-24 नवंबर को मालवाहक वाहनों का रूट बदलेगा।
मालवाहक वाहन लिंक एक्सप्रेसवे से, बसें और कारें अयोध्या जा सकेंगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बस्ती-अयोध्या हाईवे पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परिक्रमा के लिए 17 नवंबर की सुबह 10 बजे से 18 नवंबर की रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू हो गया।
इस दौरान अयोध्या से होकर लखनऊ की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर 23 नवंबर की सुबह 10 बजे से 24 नवंबर की रात 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। हालांकि, बस्ती तक जाने वाले मालवाहक वाहनों को इस डायवर्जन से छूट रहेगी।
लिंक एक्सप्रेसवे के छपिया जीरो प्वाइंट और कालेसर के पास बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों से उनके गंतव्य की जानकारी लेकर निर्धारित रास्ते पर भेजेंगे। एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने बताया कि डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के लिए दोनों स्थानों पर व्यवस्था की गई है।
23 नवंबर की सुबह 10 बजे से 24 नवंबर की रात 10 बजे तक लागू होने वाले डायवर्जन में केवल मालवाहक वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। जिन मालवाहक वाहनों को केवल बस्ती तक जाना है, उन्हें इस व्यवस्था से छूट मिलेगी। रोडवेज बसों और चार पहिया वाहनों को अयोध्या जाने की अनुमति रहेगी। यातायात पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बनने से रोकना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।