अयोध्या-जनकपुर ट्रेन में नहीं चलेंगे पास और कूपन, सिर्फ इन दो देशों के नागरिक कर सकेंगे सफर; गाइडलाइन जारी
भारत के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा के लिए रेलवे ने विशेष नियम जारी किए हैं। इसमें केवल भारत-नेपाल के नागरिक वैध पहचान पत्र से यात्रा कर सकेंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
केवल भारत-नेपाल के नागरिक वैध पहचान पत्र से कर सकेंगे यात्रा।
रेलवे पास, विधायक कूपन और कुछ आरक्षण सुविधाएं मान्य नहीं।
सामान ले जाने की सीमा निर्धारित, 60 दिन पहले आरक्षण संभव।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भारत के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा में यात्रियों के लिए रेलवे ने कई विशेष नियम और शर्तें निर्धारित की हैं। इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को न तो रेलवे पास और पीटीओ की सुविधा मिलेगी और न ही विधायक कूपन व वारंट के आधार पर यात्रा करने की अनुमति होगी। यहां तक कि उन कूपन और वारंट को भी मान्य नहीं किया जाएगा, जिनकी पूरी धनराशि रेलवे को प्रतिपूर्ति की जाती है।
ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिक ही निर्धारित वैध पहचान पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। नई ट्रेन की मंजूरी मिल गई है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को भारत आ रहे हैं। 23 नवंबर को उद्घाटन प्रस्तावित है।
यह ट्रेन गोरखपुर के रास्ते चलेगी। इस ट्रेन के चलने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को नई मजबूती भी मिलेगी।
रेलवे ने जारी की गाइडलाइन
रेलवे के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यात्रियों को सामान ले जाने के लिए भी श्रेणीवार सीमा निर्धारित की गई है। प्रत्येक यात्री अधिकतम दो नग सामान ही साथ ले जा सकेंगे। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में 70 किलोग्राम सामान निश्शुल्क ले जाने की अनुमति होगी।
इसके अलावा 15 किलोग्राम अतिरिक्त सामान की सीमांत छूट रहेगी। द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में 50 किलोग्राम निश्शुल्क और 10 किलोग्राम अतिरिक्त, जबकि तृतीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी में 40-40 किलोग्राम निश्शुल्क तथा 10-10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान ले जाने की अनुमति होगी।
60 दिन पहले करा सकेंगे रिजर्वेशन
इस ट्रेन में अधिकतम 60 दिन पहले आरक्षण कराया जा सकेगा। यात्रा की तारीख को अग्रिम आरक्षण अवधि में शामिल नहीं किया जाएगा। सामूहिक बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, लेकिन सर्कुलर जर्नी, क्लस्टर बुकिंग और बीपीटी जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी। यात्रियों को टिकट में नाम परिवर्तन, बोर्डिंग स्टेशन बदलने, वेब कैंसिलेशन और टिकट में संशोधन की सुविधा भी नहीं दी जाएगी।
टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी कराने तथा अन्य कोटे के तहत आरक्षण की व्यवस्था भी लागू नहीं होगी। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के आरक्षण चार्ट अलग से मुद्रित किए जाएंगे। इनमें यात्रियों के पहचान पत्र और राष्ट्रीयता का विवरण दर्ज रहेगा। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
ये भी जानें
- पूरी तरह आरक्षित होगी ट्रेन, बुक होंगे सिर्फ कन्फर्म टिकट
- काउंटर और आइआरसीटीसी के वेबसाइट पर बुक होंगे टिकट
- प्रिंट होंगे आरक्षण चार्ट, बुक नहीं किए जाएंगे आरएसी टिकट
- तत्काल, प्रीमियम, वरिष्ठ नागरिक कोटा की भी व्यवस्था नहीं
- आरक्षण कोटे की व्यवस्था नहीं, चार्ट में यात्री की दर्ज होगी पहचान
यह भी पढ़ें- यूपी के राज्य कर विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी: कैडर पुनर्गठन पर बनी सहमति, क्या-क्या होने जा रहे बदलाव?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।