विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेलो डॉक्टर: पेट के दाहिने हिस्से में अचानक तेज दर्द...इसे मामूली गैस समझने की गलती न करें

Published: Thu, 01 Oct 2026 12:59 PM (GMT+05:30)

पेट के दाहिने निचले हिस्से में तेज दर्द या मल पास न होना गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है, ...और पढ़ें

एम्स के सर्जरी विभाग के अध्यक्ष व वरिष्ठ सर्जन डा. गौरव गुप्ता । जागरण

एम्स के सर्जरी विभाग के अध्यक्ष व वरिष्ठ सर्जन डा. गौरव गुप्ता । जागरण

HighLights

  1. दाहिने पेट दर्द, उल्टी अपेंडिक्स के लक्षण हो सकते हैं।

  2. तेज पेट दर्द, मल न आना आंतों में रुकावट का संकेत।

  3. पर्याप्त पानी, फाइबरयुक्त भोजन पाचन के लिए लाभकारी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पेट के दाहिने निचले हिस्से में अचानक तेज दर्द, उल्टी, बुखार या चलने पर दर्द बढ़ना अपेंडिक्स के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों में खुद से दर्द की दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श करें। अभी हाल में एम्स के सर्जरी विभाग द्वारा 112 देशों 112 देशों के 1,377 अस्पतालों के 45 हजार से अधिक मरीजों के डाटा विश्लेषण में सामने आया कि 12 घंटे के भीतर जांच कराने वाले करीब चार में से एक मरीज का अपेंडिक्स फटा।

तीन दिन या उससे अधिक देर से जांच कराने वालों में करीब हर दो मरीज में एक का अपेंडिक्स फटा मिला। इसलिए अपेंडिक्स के दर्द के लक्षण दिखने पर तत्काल सावधान हो जाने की जरूरत है। यह बातें एम्स के सर्जरी विभाग के अध्यक्ष व वरिष्ठ सर्जन डा. गौरव गुप्ता ने कही। वह दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम 'हेलो डाक्टर' में बुधवार को जनता को परामर्श दे रहे थे। उन्होंने कहा कि तेज या लगातार पेट दर्द के साथ पेट फूलना और मल पास न होना आंतों में रुकावट का संकेत भी हो सकता है।

वर्षा के मौसम में शारीरिक गतिविधि कम होने और खानपान बदलने से कब्ज की समस्या बढ़ सकती है। पर्याप्त पानी, हरी सब्जियां, फल और फाइबरयुक्त भोजन लें। लंबे समय तक शौच रोककर न रखें और शौचालय में अधिक जोर न लगाएं। इससे बवासीर और भगंदर की परेशानी बढ़ सकती है। पेट या जांघ के पास उभरी हुई गांठ या सूजन को नजरअंदाज न करें। भारी वजन उठाने और अत्यधिक जोर लगाने से परेशानी बढ़ सकती है। प्रस्तुत हैं डा. गौरव गुप्ता द्वारा जनता को दिए गए परामर्श।

सवाल- भोजन बहुत कम करते हैं, बावजूद इसके गैस ज्यादा बनती है। -केशभान त्रिपाठी, बड़हलगंज
जवाब- इसके लिए जांच की जरूरत है। यह देखना पड़ेगा कि पथरी या संक्रमण की दिक्कत तो नहीं है। आप एम्स आ जाइए, जांच कराकर उपचार कर दिया जाएगा।

सवाल- पिताजी को मल के साथ रक्त आता है। -स्नेहा त्रिपाठी, अहिरौली खुर्द
जवाब- उन्हें लेकर एम्स आ जाइए। यह पाइल्स या भगंदर की वजह से भी हो सकता है और संभव है कि आंतों में घाव हो। जांच कराकर देख लिया जाएगा। उपचार से ठीक हो जाएंगे।

सवाल- पथरी बार-बार हो जा रही है। -धर्म प्रताप चौरसिया, बारीगांव
जवाब- हार्मोन की दिक्कत हो सकती है। जांच करानी पड़ेगी। तभी पता चल सकेगा कि बार-बार पथरी की समस्या क्यों हो रही है।

सवाल- हाथ, पैर समेत कई जगह गांठ हो गई है।-द्वारिका त्रिपाठी, सरहरी
जवाब- गांठ के कई कारण होते हैं। कई बार चर्बी इकट्ठा हो जाती है, वह भी गांठ का रूप ले लेती है। यदि कोई जांच कराए हों तो रिपोर्ट लेकर एम्स आ जाइए।

सवाल- पेट में हल्का दर्द होता है, जांच कराए तो पता चला कि लिवर फैटी हो गया है। -राजकेश गुप्ता, माल्हनपार
जवाब- जंक फूड, तेल-घी, चिकनाई कम करें। फाइबरयुक्त सादा भोजन लें। आराम न मिले तो एम्स में आकर दिखा लें।

सवाल- पेशाब में जलन होती है। -जलालुद्दीन, खजनी
जवाब- पर्याप्त पानी पीएं। 24 घंटे में साढ़े तीन लीटर पानी पीना चाहिए। इससे आराम न मिले तो यूरोलाजिस्ट को दिखा लें।

सवाल- यूट्रेस में गांठ है। लेकिन उससे कोई परेशानी नहीं है। -अर्चना उपाध्याय, खजांची चौक
जवाब- परेशानी न हो तो भी गांठ बचाकर रखने की जरूरत नहीं है। आप एम्स में आ जाइए, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में दिखा दिया जाएगा।

सवाल- पैर के पंजे के पास गांठ हो गई है, चलने में दिक्कत हो रही है। -अंजू राय, चौरीचौरा
जवाब- इसके लिए एम्स में हर बृहस्पतिवार को दिन में दो से चार बजे तक लेग अल्सर क्लीनिक संचालित होता है। कमरा नंबर 103 में आप आकर दिखा लें।

सवाल- एक साल से मुंह सूखा रहता है, लार नहीं बनती है।-सोना सिंह, अमटौरा
जवाब- कुछ जांचें करानी पड़ेंगी। एम्स में आ जाइए, जांच कराकर उपचार शुरू कर दिया जाएगा।

सवाल- पेट साफ नहीं होता है। सुबह दो-तीन बार शौचालय जाना पड़ता है। -अजय साहनी, बशारतपुर
जवाब- अल्ट्रासाउंड व कुछ खून-पेशाब की जांच करानी पड़ेगी। एम्स में आकर दिखा लें।

यह भी पढ़ें- सुथनी में कूड़े से 'सोना' बनाएगा IOCL, जल्द शुरू होगा 200 टन क्षमता वाला CBG प्लांट


इन्होंने भी पूछा सवाल
फुलवरिया के राजेंद्र यादव, तारामंडल के सुरेंद्र कुमार पांडेय, गोला के श्री कुमार राय व मुरलीधर पांडेय, गोरखनाथ के पूर्णमासी, डोहरिया बाजार के अमित कुमार, बशारतपुर के वीके गुप्ता, सिविल लाइंस के शशिकांत व छितही खुर्द के बजरंगी यादव ने भी सवाल पूछा। डा. गौरव गुप्ता ने सभी को संतुष्ट होने तक जवाब दिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में राप्ती-सरयू का रौद्र रूप, घरों में घुसा पानी; 35 गांव बाढ़ की चपेट में