विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले प्रयास में UPSC की 16वीं रैंक, अब संतकबीरनगर की मिली कमान; पति भी IAS

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:33 PM (IST)

Anuj Malik IAS: अनुज मलिक को संतकबीरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह 2017 बैच की आईएएस अधिकारी ...और पढ़ें

आईएएस अनुज मलिक की फाइल फोटो।

आईएएस अनुज मलिक की फाइल फोटो।

HighLights

  1. अनुज मलिक संतकबीरनगर की नई जिलाधिकारी नियुक्त की गईं।

  2. वह पहले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण की सीईओ थीं।

  3. उनके पति गौरव सोगरवाल महराजगंज के जिलाधिकारी हैं।

विवेक शुक्ला, संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के बाद संतकबीरनगर को नई जिलाधिकारी मिल गई हैं। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अनुज मलिक (Anuj Malik  Success Story) को जिले का डीएम बनाया गया है। इससे पहले वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद पर तैनात थीं।

खास बात यह है कि अनुज मलिक (Anuj Malik biography) के पति गौरव सोगरवाल भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में महराजगंज के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस तरह आईएएस दंपती अब पूर्वांचल के दो अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाएंगे।

पहले ही प्रयास में हासिल की 16वीं रैंक
अनुज मलिक मूल रूप से दिल्ली के लाजपत नगर की रहने वाली हैं। उन्होंने एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक किया। इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी।

अनुज मलिक ने वर्ष 2016 की सिविल सेवा परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने ऑल इंडिया 16वीं रैंक प्राप्त कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे लक्ष्य के प्रति समर्पण और सुनियोजित तैयारी की अहम भूमिका रही।

वाराणसी से गोरखपुर तक संभालीं जिम्मेदारियां
आईएएस बनने के बाद अनुज मलिक की शुरुआती तैनाती वाराणसी में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर मंडल में संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम के रूप में कार्य किया। कुशीनगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर रहते हुए उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।

इसके बाद उन्हें गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का सीईओ बनाया गया। औद्योगिक विकास और निवेश से जुड़ी जिम्मेदारियों के बाद अब उन्हें संतकबीरनगर के जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

anujmalikhusband

पति गौरव सोगरवाल के साथ अनुज मलिक। इंटरनेट मीडिया 


 

पति गौरव सोगरवाल भी 2017 बैच के आईएएस
अनुज मलिक के पति गौरव सोगरवाल भी प्रशासनिक सेवा में अपनी पहचान बना चुके हैं। दोनों 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। गौरव सोगरवाल मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की। सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने वर्ष 2015 में 99वीं और 2016 में 46वीं रैंक हासिल की थी।

गौरव सोगरवाल इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वह महराजगंज के जिलाधिकारी हैं। अब अनुज मलिक को संतकबीरनगर का डीएम बनाए जाने के बाद दोनों की तैनाती आसपास के जिलों में है।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में टेक्सटाइल पार्क भूमि अधिग्रहण के लिए चिह्निकरण-मुआवजे का मूल्यांकन पूरा, शासन से मंजूरी का इंतजार

संतकबीरनगर में नई जिम्मेदारी पर रहेगी नजर

संतकबीरनगर में जिलाधिकारी के रूप में अनुज मलिक के सामने विकास योजनाओं को गति देने, जनशिकायतों के निस्तारण, राजस्व मामलों के समाधान और सरकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने जैसी जिम्मेदारियां होंगी। गोरखपुर मंडल और कुशीनगर में काम करने का उनका पूर्व अनुभव जिले में प्रशासनिक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। अब देखना होगा कि नई जिलाधिकारी के रूप में अनुज मलिक जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को किस तरह आगे बढ़ाती हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर शामली पानीपत एक्सप्रेसवे पर यहां बनेगा इंटरचेंज, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू