विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर एम्स के रिसर्च से नया खुलासा, मुंह के कैंसर की पहचान में मदद कर सकता है कोलेस्ट्रॉल का स्तर

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:04 PM (IST)

एम्स के एक अध्ययन में सामने आया है कि खून में बढ़ा कोलेस्ट्राल मुंह के कैंसर की शुरुआती पहचान में सहायक हो सकता है। हालांकि, यह कैंसर की निश्चित जांच नहीं है और इसके लिए आगे बड़े स्तर पर अध्ययन की आवश्यकता है।

डा. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक और डा. गौरव गुप्ता, अध्यक्ष जनरल सर्जरी विभाग, गोरखपुर एम्स। जागरण

डा. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक और डा. गौरव गुप्ता, अध्यक्ष जनरल सर्जरी विभाग, गोरखपुर एम्स। जागरण

HighLights

  1. एम्स अध्ययन: बढ़ा कोलेस्ट्राल मुंह के कैंसर का संभावित संकेत।

  2. कैंसर मरीजों में कुल, खराब कोलेस्ट्राल स्वस्थ से अधिक मिला।

  3. शुरुआती पहचान में सहायक, पर निश्चित जांच नहीं है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एम्स के एक अध्ययन में सामने आया है कि खून में कोलेस्ट्राल का स्तर मुंह के कैंसर की पहचान में महत्वपूर्ण संकेत दे सकता है। 120 लोगों पर किए गए अध्ययन में मुंह के कैंसर से पीड़ित, कैंसर से पहले की स्थिति वाले और स्वस्थ लोगों के रक्त की जांच की गई। प्रत्येक समूह में 40 लोग शामिल थे।

जांच में कैंसर और कैंसर से पहले की स्थिति वाले मरीजों में कुल कोलेस्ट्राल तथा खराब कोलेस्ट्राल का स्तर स्वस्थ लोगों की तुलना में अधिक पाया गया। अध्ययन में फिजियोलॉजी विभाग की डॉ. संगीता गुप्ता और सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग के डॉ. गौरव गुप्ता समेत छह विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके नतीजों से भविष्य में रक्त में वसा की जांच को मुंह के कैंसर की पहचान के अन्य तरीकों के साथ उपयोगी बनाने की संभावना जगी है। इस अध्ययन को प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका बायोइन्फॉर्मेशन ने अपनी मुहर लगा दी है।

अध्ययन के लिए कुल 120 लोगों को शामिल किया गया। इन्हें तीन समूहों में बांटा गया। प्रत्येक समूह में 40 लोग रखे गए। पहले समूह में मुंह के कैंसर से पीड़ित मरीज थे, जबकि दूसरे समूह में ऐसे लोग शामिल किए गए, जिनके मुंह में कैंसर से पहले होने वाले बदलाव मौजूद थे। तीसरे समूह में स्वस्थ लोगों को रखा गया।

शोधकर्ताओं ने तीनों समूहों के रक्त नमूनों की जांच कर विभिन्न वसा तत्वों के स्तर का विश्लेषण किया। जांच में कुल कोलेस्ट्रॉल, खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल), अच्छे कोलेस्ट्राल (एचडीएल) और अन्य लिपिड तत्वों का आकलन किया गया। परिणाम में पाया गया कि मुंह के कैंसर और कैंसर से पहले की स्थिति वाले मरीजों में कुल कोलेस्ट्राल तथा एलडीएल का स्तर स्वस्थ लोगों की अपेक्षा अधिक था।

डॉ. गौरव गुप्ता के अनुसार कैंसर से पहले की स्थिति में मुंह के ऊतकों में ऐसे बदलाव होने लगते हैं, जिनसे आगे चलकर कैंसर विकसित होने की आशंका रहती है। ऐसे मरीजों में रक्त के वसा तत्वों में बदलाव मिलना अध्ययन के लिहाज से अहम है। इससे बीमारी की शुरुआती पहचान के लिए नए संकेतक विकसित करने में मदद मिल सकती है।

हालांकि अध्ययन में यह साबित नहीं हुआ है कि बढ़ा हुआ कोलेस्ट्राल मुंह के कैंसर का कारण बनता है। केवल कोलेस्ट्राल की जांच से कैंसर की पुष्टि भी नहीं की जा सकती। इसके लिए विशेषज्ञों द्वारा मुंह की चिकित्सकीय जांच और जरूरत पड़ने पर बायोप्सी कराना आवश्यक है। बड़े स्तर पर आगे अध्ययन करने के बाद लिपिड प्रोफाइल को मुंह के कैंसर की पहचान के मौजूदा तरीकों के साथ जोड़ा जा सकता है।

एम्स में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ ही चिकित्सा अनुसंधान को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मुंह के कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए किया गया यह अध्ययन महत्वपूर्ण है। इसके निष्कर्ष भविष्य में बीमारी की पहचान के नए तरीकों को विकसित करने में मददगार हो सकते हैं। संस्थान में इस तरह के शोध को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि मरीजों को आधुनिक और बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें। -डा. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक एम्स

रक्त में लिपिड प्रोफाइल का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया। कैंसर और कैंसर से पहले की स्थिति वाले मरीजों में कुल कोलेस्ट्राल तथा खराब कोलेस्ट्राल का स्तर अधिक मिला। इससे संकेत मिलता है कि रक्त में वसा के स्तर में बदलाव मुंह के कैंसर की पहचान के लिए एक संभावित संकेतक हो सकता है। हालांकि, अभी इसे कैंसर की निश्चित जांच नहीं माना जा सकता। इस संबंध में बड़े स्तर पर और अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है। -डा. गौरव गुप्ता, अध्यक्ष जनरल सर्जरी विभाग, एम्स

यह भी पढ़ें- HPV की हर खुराक लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक कदम: PM मोदी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।