विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवीपाटन मंडल के 54170 बेघर परिवारों को मिलेगा पीएम आवास, BDO से मांगी गई वेरिफिकेशन रिपोर्ट

Published: Thu, 08 Oct 2026 03:19 PM (IST)

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत देवीपाटन मंडल में बेघर गरीबों के लिए आवास लक्ष्य बढ़ाया गया है। अब गोंडा ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लक्ष्य देवीपाटन मंडल में बढ़ा।

  2. गोंडा सहित चार जिलों में 54,170 परिवारों को मिलेगा पक्का घर।

  3. लाभार्थियों के सत्यापन के लिए बीडीओ से रिपोर्ट मांगी गई है।

संवाद सूत्र, गोंडा। गांवों में रहने वाले बेघर गरीबों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत शासन ने जिलेवार निर्धारित लक्ष्य में वृद्धि की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती जिले में 54 हजार 170 गरीबों को योजना का लाभ मिलेगा। पहले यह लक्ष्य 48 हजार 784 था।

चयनित लाभार्थियों का ब्लॉकों से सत्यापन कराने के बाद स्वीकृति देने के आदेश दिए गए हैं। बीडीओ से सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई है। गांवों में रहने वाले बेघर गरीबों को पक्का घर देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत एक वर्ष पूर्व सर्वे कराया गया था।

ऑफलाइन सर्वे के बाद कई बार सत्यापन हुए, लेकिन अभी तक अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी है। वहीं, शासन ने सितंबर में जिलेवार लक्ष्य आवंटित किया था, लेकिन स्वीकृति को लेकर काेई निर्देश जारी नहीं किया गया। अब जिलेवार निर्धारित लक्ष्य में बदलाव किया गया है। देवीपाटन मंडल में 5386 आवास का लक्ष्य बढ़ा है।

चयनित लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार रुपये मिलेंगे। प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार, द्वितीय किस्त 70 हजार व तृतीय किस्त दस हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा वीबी-जी राम-जी योजना के तहत 90 दिवस मजदूरी का भी भुगतान किया जाएगा।

जिलेवार आवास आवंटन का लक्ष्य

जिला पहले आवंटित लक्ष्य अब
गोंडा 12348 13728
बहराइच 27229 30193
बलरामपुर 2992 3339
श्रावस्ती 6215 6910
योग 48784 54170


प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत शासन ने लक्ष्य में संशोधन किया है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार बीडीओ से सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई है। जिन गांवों की सत्यापन रिपोर्ट आ गई है, वहां के लाभार्थियों के आवास को स्वीकृति दी जा रही है। -सुशील कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए।

यह भी पढ़ें- मऊ में इंदारा ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य तेज, 21 पिलरों का 80 प्रतिशत कार्य पूरा