गोंडा में ट्रैक्टर ने बाइक में मारी ठोकर, श्रमिक और महिला की मौत; नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम
मनकापुर चीनी मिल से लौट रहे डबल ट्राला लगे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक श्रमिक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मनकापुर-उतरौला मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
-1795921824833_m.webp)
HighLights
मनकापुर में डबल ट्राला ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी।
हादसे में श्रमिक प्रदीप कुमार और एक महिला की मौत।
ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर चीनी मिल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, दतौली/मनकापुर (गोंडा)। मनकापुर चीनी मिल में गन्ना तौलकर वापस लौट रहे डबल ट्राला लगे ट्रैक्टर ने बाइक में ठोकर मार दी, जिससे श्रमिक व महिला की मौत हो गई। वहीं, एक युवक घायल हो गया। कार्रवाई की मांग को लेकर नाराज ग्रामीणों ने मनकापुर-उतरौला मार्ग जामकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है।
दौलतियापुर अंधियारी निवासी प्रदीप कुमार मनकापुर से अपने दोस्त हीरालाल व एक महिला के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बैरीपुररामनाथ गांव के पास मनकापुर चीनी मिल से गन्ना तौलकर लौट रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में ठोकर मार दी। प्रदीप कुमार व महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हीरालाल को इलाज के लिए मेडिकल कालेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
ग्रामीणों ने चीनी मिल पर यातायात नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मार्ग जाम कर दिया और नारेबाजी की। गन्ने की ढुलाई ट्रक की जगह ट्राले से कराने पर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम उदित पवार, सीओ उदित नारायण पालीवाल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्नासन देकर मार्ग पर आवागमन शुरू कराया।
कोतवाल मनकापुर तेज प्रताप सिंह ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्राला कब्जे में ले लिया गया है। महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उसकी तलाश की जा रही है।
दिल्ली से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था प्रदीप
मृतक प्रदीप कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व बीरेपुर रेड़वरिया गांव में हुई थी। वह दिल्ली में मजदूरी करता था। वह घर में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। पत्नी रुचि व उसके एक वर्ष का प्रतीक बेटा है। प्रदीप का छोटा भाई कुलदीप है। पिता नाई का काम करते हैं। प्रदीप की तीन बहनें हैं। परिवार में मातम छाया हुआ है।
गाय को बचाने में अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी बाइक, युवक घायल
वजीरगंज के लोहराडाड़ निवासी अर्जुन कुमार शनिवार को बाइक से रिश्तेदारी में तरबगंज जा रहे थे। नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर बल्लीपुर गांव के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर कर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को 108 एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में युवक के घायल होने की सूचना मिली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।