गोंडा में ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के बाजार में छाई रौनक, रजाई व गद्दे की भराई-तगाई शुरू
गोंडा में मौसम में बदलाव के साथ ठंड बढ़ने लगी है, जिससे गर्म कपड़ों और रजाई-कंबलों की मांग में तेजी आई है। बाजारों में रौनक दिख रही है, जहां रुई के दाम बढ़ने के बावजूद लोग खरीदारी कर रहे हैं और कारीगर व्यस्त हैं।
-1795939807663_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
गोंडा में ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी।
रजाई-कंबल और रुई के दाम में हुई बढ़ोतरी।
हिमालयन बुद्धिस्ट वूलन मार्केट में खरीदारी तेज।
संवाद सूत्र, गोंडा। मौसम में आए बदलाव के चलते लोग रजाई-कंबलों की जरूरत महसूस करने लगे हैं। साथ ही जैकेट व स्वेटर समेत अन्य गर्म कपड़ाें के बाजार में भी रौनक दिखने लगी है। सुबह शाम ठंड पड़ने के चलते लोग घर में रखे रजाई, कंबल, स्वेटर निकालकर धूप में सुखाने लगे हैं। वहीं बाजार में भी रजाई व कंबल की दुकानों पर ग्राहक पहुंचने लगे हैं। पुरानी रजाई की भराई व तगाई भी लोगों ने शुरू कर दिया है।
बाजार में रजाई व गद्दे तैयार करने वाली दुकानों में कारीगर व मजदूर दिन-रात जुटे हैं। रुई के दाम भी इस बार बढ़ गए हैं। रूई पिछले ठंड में 100 रुपये किलोग्राम तक बिक रही थी,वह इस बार 120 से 250 रुपये में बिक रही है। डिग्री कालेज तिराहे के निकट दुकानदार रासिद ने बताया कि देशी रुई की मांग अधिक है,वह इस बार 280 रुपये किलोग्राम है। पोलो देशी 180 रुपये, देशी पार्का 120 रुपये व लाल फाइबर 100 रुपये प्रति किलोग्राम है।
पिछले वर्ष से रुई के भाव बढ़े हैं,जिससे गल बेड की रजाई डेढ़ हजार व डबल बेड की रजाई 2000 रूपये में पड़ रही है। तमाम लोग अपनी पुरानी लेकर धुनाई के लिए पहुंच रहे हैं,जिनसे रजाई व गद्दा बनाया जा रहा है। उधर मालवीयनगर स्थित रामलीला मैदान में गर्म कपड़ों का हिमालयन बुद्धिस्ट वूलेन मार्केट सज गया है।
यहां नेपाल से लेकर हिमाचल तक के दुकानदार आए है
जो स्वेटर, ब्लेजर, हुडी, जैकेट, कार्डिगन, शाल व गर्म चादर बेच रहे हैं। हिमाचल प्रदेश से आए तीनजिंग ने बताया कि अब ठंड बढ़ने लगी है,इसलिए खरीदार पहुंचने लगे हैँ। रवि ने बताया कि नए फैशन के स्वेटर,टोपी व मफलर की बिक्री अधिक है। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज तिराहे से दुखहरण नाथ मंदिर तक जगह-जगह फुटपाथ पानीपत व लुधियाना से आए कंबलों की अस्थाई दुकानें सजी रहीं, जहां लोग ठंड से बचाव के लिए खरीदारी करने में जुटे रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।