विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में बनेगा 20 KM से ज्यादा लंबा रिंग रोड, 24 गांवों के किसानों की ली जाएगी 107 हेक्टेयर जमीन

Published: Tue, 06 Oct 2026 02:02 PM (IST)

गोंडा में 1646 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पश्चिमी रिंग रोड के लिए 24 गांवों से 107 हेक्टेयर भूमि का चिह्नांकन पूरा हो गया है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. पश्चिमी रिंग रोड के लिए भूमि चिह्नांकन पूरा हुआ।

  2. 24 गांवों से 107 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी।

  3. 1646 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा रिंग रोड।

पवन मिश्र, गोंडा। देवीपाटन मंडल मुख्यालय को जाम से निजात दिलाने के लिए स्वीकृत हुए पश्चिमी रिंगरोड के लिए थ्री-डी का नक्शा जारी होने के बाद भूमि का चिह्नांकन भी कर लिया गया है। 20.570 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के लिए 24 गांवों से 775 गाटों (भूखंडों) से 107 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी। इसके बनने के बाद गोंडा, बलरामुर, बहराइच व श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, बाराबंकी व लखनऊ से आने जाने वाले वाहनों को शहर के जाम में नहीं जूझना पड़ेगा।

मंडल मुख्यालय स्थित शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए चारों तरफ से 29 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनना है लेकिन पिछले वर्ष नवंबर में तीन तरफ के 20.570 किलोमीटर लंबे (पश्चिमी) हिस्से को ही स्वीकृति मिली। 16 अरब 46 करोड़ 98 लाख रुपये खर्च को शासन ने हरी झंडी देते हुए कार्य शुरू कराने को तीन करोड़ 70 लाख रुपये दे दिए थे।

इस रिंग रोड में सड़क के साथ तीन रेलवे ओवरब्रिज, दो बड़े पुल व पांच छोटे पुल बनना है। इसके लिए सदर तहसील के इंदिरापुर, भदुआतरहर, पूरे ललक, दुल्लापुर खालसा, सिंधाव, पड़रीशंकर, इमरती विसेन, रुद्रपुरविसेन, केशवपुर पहड़वा, पथवलिया, पूरे हेमराज, कलंदरपूर चौबे, करनीपुर, मथुराचौबे, कपूरपुर, पूरे शिवाबख्तावर, झंझरी, बनवरिया, उम्मेदजोत, दत्तनगर विसेन, कटहामाफी, हारीपुर व पड़रीकृपाल व कर्नलगंज तहसील के चांदपुर व दुल्लापुर तरहर में 775 गाटों (भूखंडों) से जमीन ली जाएगी, जिन्हें चिह्नित कर पत्थर गाड़ दिए गए हैं।

यह रिंग रोड अयोध्या मार्ग पर पराग डेयरी के पास से निकलकर कटहाघाट होते हुए लखनऊ मार्ग व आगे बहराइच रोड पर रुद्रपुर विसेन होते हुए दत्तनगर के पास बलरामपुर मार्ग में जुड़ जाएगा।

यहां कुछ नहीं हो सकता, आपत्ति है तो लखनऊ जाइए

रिंग रोड के लिए चिह्नांकन हो जाने के बाद अब जब निशान के पत्थर गड़ गए हैं तो लोग आपत्ति दर्ज कराने नगर मजिस्ट्रेट(विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी)कार्यालय पहुंच रहे हैं। यहां पहुंचे चौपाल सागर के राजेश पाल व शब्बीर अली ने बताया कि उनका पूरा मकान जद में आ रहा है, जो अन्याय है। इससे वे बर्बाद हो जाएंगे।

हारीपुर के राम खेलावन ने बताया कि उनका पूरा खेत रिंगरोड में जा रहा है। कर्मियों ने बताया कि अब कुछ नहीं हो सकता है,आपत्ति है तो एनएच दफ्तर लखनऊ जाइए। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी व नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि संरेखण (एलाइमेंट) निर्धारित होने के बाद उसे बदलना आसान नहीं है। तहसीलों से विवरण मांगा है, जिसके बाद खातेदारों को नोटिस भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी के मीरजापुर में दिखा 2 फीट लंबा दुर्लभ पैंगोलिन, खतरा देखकर खुद को बॉल की तरह कर लेता है गोल