नवरात्र में चलेगी गोंडा-तुलसीपुर मेला स्पेशल ट्रेन, देवीपाटन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान
रेल प्रशासन ने शारदीय नवरात्र के लिए गोंडा-तुलसीपुर-गोंडा अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोंडा-तुलसीपुर-गोंडा अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन का संचालन।
शारदीय नवरात्र के लिए 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन चलेगी।
देवीपाटन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा।
संवाद सूत्र, गोंडा। शारदीय नवरात्र में देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने गोंडा-तुलसीपुर-गोंडा अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 05078/05077 नंबर की यह विशेष ट्रेन 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05078 गोंडा-तुलसीपुर अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन प्रतिदिन गोंडा से रात 11.30 बजे रवाना होगी। यह सुभागपुर स्टेशन पर रात 11.52 बजे और इटियाथोक स्टेशन पर देर रात 12.11 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन रात 1.55 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी। वापसी में 05077 तुलसीपुर-गोंडा अनारक्षित मेला विशेष ट्रेन प्रतिदिन तुलसीपुर से देर रात 3.10 बजे रवाना होगी।
यह इटियाथोक स्टेशन पर भोर 4.21 बजे और सुभागपुर स्टेशन पर 4.40 बजे पहुंचेगी। ट्रेन सुबह पांच बजे गोंडा पहुंचेगी। मेला विशेष ट्रेन के संचालन से नवरात्र में तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
