विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में शिक्षकों की डिग्री से नियुक्ति तक होगी जांच, गोंडा में STF खंगालेगी टीचरों की कुंडली

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:44 PM (GMT+05:30)

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर गोंडा के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षिक अभिलेखों की व्यापक जांच होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. उच्च न्यायालय के आदेश पर शिक्षकों के अभिलेखों की जांच।

  2. एसटीएफ करेगी नियुक्ति और शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन।

  3. शिक्षकों को सभी प्रमाणपत्र और शपथपत्र जमा करने होंगे।

संवाद सूत्र, गोंडा। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षिक अभिलेखों की अब व्यापक स्तर पर जांच होगी। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश के क्रम में जिले के कक्षा एक से आठ तक के सभी शिक्षकों के शैक्षिक और नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा।

इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए अभिलेखों का संकलन कर निर्धारित प्रारूप में सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

जांच के लिए तैयार की गई सूचना और दस्तावेज विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संबंधित रेंज कार्यालय को भेजे जाएंगे। एसटीएफ इनकी जांच करेगा। जिले में 2609 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब सात हजार शिक्षकों की तैनाती है।

शिक्षकों को नियुक्ति आदेश, कार्यभार ग्रहण, स्थानांतरण और पदोन्नति से संबंधित आदेशों के साथ हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड सहित निर्धारित प्रशिक्षण योग्यता के प्रमाणपत्र और अंकपत्र उपलब्ध कराने होंगे।

टीईटी, सीटीईटी अथवा नियुक्ति के समय लागू अनिवार्य पात्रता परीक्षा के प्रमाणपत्र, चयन एवं मेरिट सूची, निवास, जाति और दिव्यांगता प्रमाणपत्र, आधार और पैन कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां दो सेट में जमा करनी होंगी।

प्रत्येक शिक्षक को फोटोयुक्त नोटरीकृत शपथपत्र भी देना होगा। इसमें उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग में बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा उससे उच्च पद पर कार्यरत या सेवानिवृत्त निकट संबंधियों का पूरा विवरण देना होगा। इसमें पति, पत्नी, माता-पिता, बेटा-बेटी, भाई-बहन, सास-ससुर सहित अन्य संबंधित रिश्तेदार शामिल हैं।

ऐसा कोई संबंधी नहीं होने पर इसका स्पष्ट उल्लेख करना होगा। प्रत्येक विकासखंड के शिक्षकों का विवरण अंग्रेजी में निर्धारित एक्सेल प्रारूप पर तैयार किया जाएगा।

इसमें मानव संपदा कोड, नाम, विद्यालय, नियुक्ति तिथि, जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता, बोर्ड और विश्वविद्यालय, अनुक्रमांक, प्राप्तांक, प्रशिक्षण तथा टीईटी के विवरण सहित कुल 66 बिंदु शामिल होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि अभिलेखों को जमा कराने के निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- गाजीपुर में बिजली चोरी छिपाने पर जेई और एसडीओ निलंबित, जमानियां में बड़ी कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।