गाजीपुर में बिजली चोरी छिपाने पर जेई और एसडीओ निलंबित, जमानियां में बड़ी कार्रवाई
गाजीपुर के जमानियां में बिजली चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज न करने पर दो विद्युत अधिकारियों (जेई और एसडीओ) ...और पढ़ें

गाजीपुर में बिजली चोरी छिपाने पर जेई और एसडीओ निलंबित बड़ी कार्रवाई।
HighLights
बिजली चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज न करने पर निलंबन।
जेई प्रिंस कुमार और एसडीओ अमित शर्मा पर हुई कार्रवाई।
मुख्य अभियंता वाराणसी के निर्देश पर विभागीय जांच शुरू।
जागरण संवाददाता,जमानियां (गाजीपुर)। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में लापरवाही बरतने पर दो अधिकारियों पर गाज गिरी है। बिजली चोरी पकड़ने के बावजूद उपभोक्ताओं पर मुकदमा दर्ज न कराने के मामले में मुख्य अभियंता वाराणसी, प्रवेश कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जेई और एसडीओ को निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई ढढ़नी और नवली विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रिंस कुमार और रेवतीपुर के एसडीओ अमित शर्मा के खिलाफ की गई है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिससे खंड चतुर्थ के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान कई स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विद्युत निरोधक थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मामला मुख्य अभियंता तक पहुंचा, जिससे विभाग की छवि और राजस्व दोनों को नुकसान हुआ। प्रथम दृष्टया कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान जेई प्रिंस कुमार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय जौनपुर मंडल प्रथम से संबद्ध किया गया है, जबकि एसडीओ अमित शर्मा को मुख्य अभियंता कार्यालय बस्ती से संबद्ध किया गया है। अधिशासी अभियंता प्रहलाद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और विभागीय कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।