यूपी में निगेटिव बैलेंस वाले Smart Meter उपभोक्ताओं की कटी बिजली, 1.71 लाख लोगों के घर लग चुके हैं मीटर
गोंडा में निगेटिव बैलेंस वाले लगभग दस हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई है। चेतावनी के बावजूद रिचार्ज न कराने पर यह कार्रवाई हुई।
HighLights
लगभग दस हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली कटी।
निगेटिव बैलेंस के कारण हुई यह बड़ी कार्रवाई।
देवीपाटन मंडल में 1.71 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित।
संवाद सूत्र, गोंडा। बिजली स्मार्ट मीटर व्यवस्था के तहत निगेटिव बैलेंस वाले करीब दस हजार उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली शनिवार को गूल हो गई। मुख्य अभियंता बिजली देवीपाटन मंडल ने कहा कि पूर्व में विभागीय कर्मी फोन काल करके रिचार्ज कराने के लिए जागरूक कर किए थे।
चेतावनी दी गई गई थी कि यदि उपभोक्ता समय से रिचार्ज नहीं कराते हैं तो उनकी बिजली आपूर्ति स्वतः ही बाधित हो जाएगी। इसके लिए 13 मार्च की रात तक निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा कर रिचार्ज कराने की चेतावनी दी गई थी।
इसी क्रम में बड़े बकाएदार और अधिक समय से बिल न जमा करने वाले लगभग दस हजार निगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति शनिवार को ठप हो गई।
इलेक्ट्रॉनिक मीटरों की जगह लगे स्मार्ट मीटर
इसके बाद बिजली बिल जमा कर आपूर्ति बहाल कराने के लिए उपभोक्ताओं की बिजली कार्यालय पर भीड़ लगी रही। देवीपाटन मंडल के चारों जिलों गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में अब तक कुल 171694 पारंपरिक इलेक्ट्रॉनिक मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
इनमें सबसे अधिक 60980 स्मार्ट मीटर गोंडा में, 51219 बहराइच में तथा बलरामपुर और श्रावस्ती में कुल 44456 मीटर स्थापित किए गए हैं। इन सभी बिजली कनेक्शन को प्रीपेड व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया गया है, जिसमें उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार पहले से रिचार्ज कर बिजली का उपयोग करते हैं। इससे मीटर रीडिंग और बिल जमा करने की झंझट से भी छुटकारा मिल जाता है।
मुख्य अभियंता बिजली देवीपाटन मंडल यदुनाथ यथार्थ ने कहा कि 156655 उपभोक्ताओं का लगभग 28 करोड़ 53 लाख रुपये का बैलेंस निगेटिव चल रहा है।
उपभोक्ताओं को डाउनलोड कराया जा रहा ऐप
मुख्य अभियंता ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप और ऊर्जा सेवा सरयू ऐप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वह घर बैठे अपनी बिजली खपत और बैलेंस की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
मंडल में कुछ निगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति लखनऊ मुख्यालय से ही ठप कर दी गई है। बकाया जमा करने के बाद ही उपभोक्ताओं की आपूर्ति चालू हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होते ही अब छा जाएगा अंधेरा, विभाग ने शुरू किया ऑटो-डिस्कनेक्शन
यह भी पढ़ें- Smart Meter Update: बैलेंस आते ही 10 मिनट में जोड़ें बिजली कनेक्शन, UPPCL ने आयोग में दाखिल किया प्रस्ताव
