विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में पढ़ाई संग रोजगार की तैयारी, 25 कॉलेजों में बनेगी लैब

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:22 PM (IST)

गोंडा के 25 विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत वोकेशनल लैब स्थापित की जाएंगी। इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगारोन्मुखी कौशल सीखने और भविष्य के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. गोंडा के 25 स्कूलों में वोकेशनल लैब स्थापित होंगी।

  2. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कौशल विकास पर जोर।

  3. छात्रों को रोजगारोन्मुखी व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर।

संवाद सूत्र, गोंडा। कक्षा में किताबों से ज्ञान अर्जित करने के साथ स्कूल की प्रयोगशाला में हुनर को तराशने का अवसर भी मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत माध्यमिक शिक्षा को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में जिले के 25 विद्यालयों में वोकेशनल लैब स्थापित की जाएंगी। इनमें नौ राजकीय और 16 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।

शासन ने इस महत्वाकांक्षी पहल को धरातल पर उतारने के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपये जारी किए हैं। प्रत्येक चयनित विद्यालय को लैब स्थापना के लिए पांच लाख रुपये दिए गए हैं। यहां विद्यार्थियों की रुचि और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दो-दो ट्रेड संचालित की जाएंगी।

इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्कूल में ही अलग-अलग कार्यक्षेत्रों की बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा। यहां विद्यार्थी संबंधित ट्रेड में उपकरणों के प्रयोग, काम करने की तकनीक और जरूरी कार्यकुशलता सीख सकेंगे। वोकेशनल लैब विद्यार्थियों के लिए महज एक अतिरिक्त कक्ष नहीं, बल्कि भविष्य की कार्यशाला साबित होंगी। यहां किताबी जानकारी को व्यावहारिक अनुभव में बदलने पर जोर रहेगा।

इससे उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और समस्या समाधान की क्षमता भी विकसित होगी। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने कौशल के आधार पर आगे का प्रशिक्षण और रोजगार चुनने में अधिक सक्षम होंगे। उन्हें अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के लिए स्कूल स्तर पर ही मंच मिलेगा।

स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने और भविष्य में उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाने का रास्ता भी खुलेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. रामचंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ दक्षता भी देना है। लैब स्थापना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के 25 विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ हुनर सीखने का अवसर मिलेगा। इससे स्कूल की शिक्षा रोजगार की दुनिया से सीधे जुड़ सकेगी।

यह भी पढ़ें- 27 नवंबर को गोंडा आएंगे CM योगी, चार जिलों के 41 हजार मेधावियों को बांटेंगे टैबलेट



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।