विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूल्हे की जिद पर रातभर बारात का इंतजार करते रहे लोग, मैरिज पैलेस में मिला सदमा तो दुल्हन के उड़ गए होश

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:23 PM (IST)

दहेज में थार गाड़ी न मिलने पर गोंडा के एक दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे बारात का इंतजार करती दुल्हन सदमे में कई बार बेहोश हो गई।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोंडा। दहेज में थार गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया। सोमवार रात बरात आने का इंतजार कर रही दुल्हन और उसके परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब वर पक्ष ने साफ कह दिया कि थार नहीं मिली तो निकाह नहीं होगा।

रातभर बरात का इंतजार करने के बाद भी दूल्हा नहीं पहुंचा। इस सदमे से कई बार रोते-रोते हुए दुल्हन बेहोश हो गई। परिवारीजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

यह है पूरा मामला

नगर कोतवाली के कटारिया मुहल्ले निवासी मिर्जा अजमल बेग ने बेटी नौशबा मिर्जा बेग का निकाह एक वर्ष पहले गोरखपुर निवासी मोहम्मद असलम के बेटे मोहम्मद सलमान के साथ तय किया था। सलमान तीन भाइयों में सबसे बड़ा है और विदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है। 26 अक्टूबर को निकाह की तारीख तय थी। इसके लिए शहर के एक मैरिज पैलेस की बुकिंग भी कराई गई थी।

दुल्हन की मां नाजो खातून ने बताया कि शादी तय होने के बाद वर पक्ष के लोग उनके घर आते-जाते थे। पहले दूल्हे और उसके परिवार ने सादगी से निकाह करने की बात कही थी। इस पर उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज में बाइक देने की बात कही थी, जिसे उस समय स्वीकार कर लिया गया था।

आरोप है कि बाद में वर पक्ष ने थार गाड़ी की मांग रख दी। नाजो खातून ने बताया कि परिवार के बुजुर्गों ने दूल्हे पक्ष से कई बार मिन्नतें कीं, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। रात करीब 12 बजे वर पक्ष ने स्पष्ट कर दिया कि थार नहीं मिली तो शादी नहीं होगी। इसके बाद दुल्हन गश खाकर गिर पड़ी। परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवारीजन से जानकारी ली है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- निकाह से पहले मंगेतर ने तोड़ा भरोसा, कानपुर में दोस्त के साथ मिलकर किया सामूहिक दुष्कर्म

यह भी पढ़ें- पति की हत्या करा प्रेमी को भी छोड़ा, फिर तीसरे युवक से कर लिया निकाह; पुलिस के हत्थे चढ़ी इनामी पत्नी