बिना सिलेंडर मिले पहुंच गया डिलीवरी का मैसेज, गैस एजेंसियों की मनमानी से भटक रहे उपभोक्ता
गोंडा में गैस एजेंसियों की मनमानी से घरेलू सिलेंडर की किल्लत बढ़ गई है। उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिले बिना ही ...और पढ़ें
-1773407608608_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, गोंडा। घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण में एजेंसियों की मनमानी व गड़बड़ी किल्लत का कारण बन रही है। बिना सिलेंडर पहुंचे ही उपभोक्ताओं को वितरण का संदेश मिल रहा है। इससे लोगों की मुश्किलेंं बढ़ गई हैं। यही नहीं सिलेंडर बांटने के लिए डीएम ने सभी 78 गैस एजेंसियों पर दो-दो लेखपालों संग पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी दो-दो पालियों में लगाई है। एसडीएम व पूर्ति निरीक्षकों की टीम वितरण की निगरानी करेगी।
इंटरनेट मीडिया से फैली अफवाह के साथ शुरू हुई गैस सिलेंडरों की किल्लत को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन भले ही गंभीर है लेकिन गैस एजेंसियों की मनमानी इसमें रोड़ा बन रही है। एजेंसियों के संचालक मिलीभगत कर उपभोक्ताओं का घरेलू सिलेंडर बड़े होटल संचालकों व रेस्टोरेंट संचालकों को पहुंचा रहे हैं। शहर के जानकीनगर की संगीता मिश्रा के मुताबिक वह मंगलम गैस एजेंसी की कनेक्शन धारक हैं।
आठ मार्च को कराया था सिलेंडर बुक

आठ मार्च को सिलेंडर बुक कराया था। दस मार्च को उन्हें मैसेज मिला कि आपका सिलेंडर डिलीवरी के लिए निकल चुका है। इसके बाद वे गैस सिलेंडर की राह देखने लगी लेकिन, उन्हें सिलेंडर तो अब तक नहीं मिला बल्कि 11 मार्च को उन्हें मोबाइल पर मैसेज मिला कि आपका सिलेंडर वितरित किया जा चुका है तो वह अवाक रह गई।
उनके पति दिलीप मिश्र ने बताया कि एजेंसी की मनमानी से व्यवस्था खराब है। रघुराज नगर टिकरी निवासी आदित्य सिंह ने बताया उनके पिता शिव कुमार सिंह के नाम से गैस कनेक्शन है। आनलाइन बुकिंग के दौरान उन्हें मैसेज मिला कि उनको सिलेंडर डिलीवर किया जा चुका है जबकि उन्हें अब तक नहीं मिला। इसी तरह अन्य कई उपभोक्ता हैं, जो बुकिंग कराने के बाद गैस सिलेंडर पाने के लिए भटक रहे हैं जबकि उनके खाते में सिलेंडर वितरण चढ़ा हुआ है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन पर सिलेंडर देने की तैयारी
-उधर पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण की व्यवस्था फिर से बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। सात लाख 98 हजार उपभोक्ताओं में करीब पांच लाख ग्रामीण उपभोक्ता हैं,जिन्हें 25 दिन पर नहीं बल्कि 45 दिन पर सिलेंडर देने की व्यवस्था बनाई जा रही है।
हालांकि यह अभी लागू नहीं हुआ है। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभी ऐसा आदेश नहीं आया है। गैस एजेंसियां वितरण में मनमानी करेंगी तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन, आप आज करेगी प्रदर्शन
-घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने उपलब्धता की मांग का ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिला प्रभारी हामिद अली राइनी, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश आर्य व जिला महामंत्री शिवकुमार सोनी की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि व्यावसायिक सिलेंडरों की अनुपलब्धता से व्यापार प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- गैस के लिए एजेंसी पर लगी लंबी लाइन, फिर भी नहीं मिला सिलेंडर; सर्वर ठप होने से खाली हाथ लौट रहे लोग
स्ट्रीट वेंडर, रेस्टोरेंट,मिष्ठान व्यापारियों के कारोबार प्रभावित है। होटल उद्योग से लेकर रेस्टोरेंट व्यवसाय बंद होने के कगार पर हैं। उधर सिलेंडर के बढ़ते दामों व किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा उर्फ अज्जू पंडित ने बताया कि रसोई गैस के दामों में वृद्धि व किल्लत के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया जाएगा।
खाली सिलेंडर लाइन से उठा ले गए चोर
नवाबगंज के गोलाबाजार स्थित गांधी चौक निवासी शत्रुघ्न ने बताया कि दो खाली सिलेंडर लाइन में लगाकर पर्ची कटवाने के लिए काउंटर पर गया था। इसी दौरान किसी ने उसके दोनों सिलेंडर चुरा लिए। सिलेंडर ले जाते हुए एक युवक सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दे रहा है। मामले की तहरीर थाने में दी गई है।
जिलाधिकारियों की अगुवाई में हुई एजेंसियों की छापेमारी
-घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारियों ने छापेमाारी की। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी सदर अशोक कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शिव प्रकाश तिवारी, पूर्ति निरीक्षक संजय तिवारी, जुगुल किशोर व दिवाकर ने सभी गैस एजेंसियों के कार्यालयों व गोदामों में छापा मारा। कर्नलगंज में उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने कटरा बाजार के अन्नपूर्णा गैस एजेंसी समेत अन्य जगहों पर छापा मारा। अन्य तहसीलों में भी उपजिलाधिकारियों ने छापेमारी कर गैस एजेंसियों को जमाखोरी न करने की चेतावनी दी।
- कुल उपभोक्ता - सात लाख 98 हजार
- शुक्रवार को बुकिंग- नौ हजार
- सिलेंडरों की उपलब्धता - सात हजार
