5 लाख लगाकर 25 लाख कमाने का दिया लालच, बीच में छोड़ी शूटिंग; गोंडा में फिल्म बनाने के नाम पर ठगी
गोंडा में फिल्म निर्माण के नाम पर पांच लाख रुपये निवेश कराकर 20-25 लाख रुपये मुनाफा दिलाने का झांसा देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अनूप शुक्ल की शिकायत पर आरोपी मोबीन वारसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-1795839767371_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
संवाद सूत्र, गोंडा। फिल्म निर्माण के नाम पर पांच लाख रुपये निवेश कराकर 20 से 25 लाख रुपये मुनाफा दिलाने का झांसा देने का मामला सामने आया है। इटियाथोक थाना के करमडीह कला निवासी अनूप शुक्ल ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह फिल्म निर्माता हैं और भारतीय कला, विज्ञान, सौर व प्रेरणादायक फिल्मों का निर्माण करते हैं।
10 नवंबर 2025 को सीतापुर निवासी मोबीन वारसी उनके गोंडा स्थित आवास पर आया था। उसने पांच लाख रुपये के बजट में फिल्म बनाकर 20 से 25 लाख रुपये तक लाभ दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद कुछ शर्तों पर फिल्म निर्माण का काम शुरू हुआ। आरोपित ने शूटिंग और अन्य कार्यों के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये ऑनलाइन लिए।
इसके बाद शूटिंग का हवाला देकर उन्हें नैनीताल समेत अन्य स्थानों पर दौड़ाता रहा। फिल्म का काम पूरा नहीं किया गया और बाद में टीम के साथ काम बंद कर दिया। रकम का हिसाब मांगने पर न तो पैसा लौटाया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया। फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे रहा है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।