विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में 652 कर्मियों के कंधों पर 14 लाख उपभोक्ताओं को रोशन करने का भार, 2298 पद खाली

Published: Sat, 21 Nov 2026 04:35 PM (IST)

गोंडा सहित देवीपाटन मंडल में बिजली विभाग कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है, जिससे 14 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती और ट्रिपिंग का सामना करना पड़ रहा है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. देवीपाटन मंडल में 14 लाख उपभोक्ता बिजली संकट से प्रभावित।

  2. बिजली विभाग में 3840 में से 2298 पद खाली।

  3. कर्मचारी कमी से मरम्मत में देरी, उपभोक्ता परेशान।

संवाद सूत्र, गोंडा। कहीं घंटों बिजली गुल, कहीं बार-बार ट्रिपिंग तो कहीं फाल्ट ठीक होने के इंतजार में गुजरती रात... बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अक्सर सड़कों पर दिखाई देता है। इस बदहाल व्यवस्था के पीछे एक ऐसी तस्वीर भी है, जो विभाग की कार्य क्षमता पर सवाल खड़े करती है।

14 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को रोशन रखने वाले बिजली विभाग की अपनी व्यवस्था ही कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रही है। हालात यह हैं कि बिजली नेटवर्क का संचालन महज 652 कर्मियों के भरोसे चल रहा है।

देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में 114 विद्युत उपकेंद्रों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। अवर अभियंता से लेकर विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के 3840 स्वीकृत पदों के सापेक्ष केवल 652 कर्मियों की तैनाती बताई गई है। वहीं 2298 पद रिक्त हैं।

देवीपाटन मंडल में अवर अभियंता (जेई) के 78, तकनीकी सहायकों के 645, श्रमिकों के 1539 और कुशल श्रमिकों के 645 पद खाली हैं। यही कर्मचारी बिजली लाइनों की निगरानी, फाल्ट खोजने, तारों और उपकरणों की मरम्मत तथा शिकायतों के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाइन फाल्ट की घटनाएं बढ़ती हैं, तब सीमित कर्मचारियों पर कई क्षेत्रों की जिम्मेदारी आ जाती है।

यह भी पढ़ें- गोंडा : नशे में हैवान बना पति: धारदार हथियार से काटकर पत्नी की हत्या, बचाने दौड़े बेटे पर भी हमला

एक ही टीम को अलग-अलग स्थानों पर दौड़ना पड़ता है। नतीजतन मरम्मत में देरी होती है और उपभोक्ताओं को बिजली बहाली के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। मुख्य अभियंता बिजली यदुनाथ यथार्थ ने कहा कि अवर अभियंता सहित अन्य कर्मियों की सूचना विभाग को भेजी गई है। आपात स्थिति में विभिन्न फर्मों के माध्यम से लाइन को सही कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।