गोंडा के 1310 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे स्मार्ट, खेल और रचनात्मकता से गढ़ी जाएगी शिक्षा की नींव
गोंडा में विश्व बाल दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बदला जा रहा है। 50 हजार नौनिहालों को खेल, रचनात्मकता और बाल-सुलभ फर्नीचर व आउटडोर प्ले सुविधाओं के माध्यम से बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।
-1795167682746_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
50 हजार बच्चों को मिलेगा नया शैक्षिक वातावरण।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल-सुलभ फर्नीचर और खेल सुविधाएं।
खेल-खेल में सीखने पर जोर, मजबूत होगी शिक्षा की नींव।
संवाद सूत्र, गोंडा। प्रत्येक वर्ष 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस मनाया जाता है। नन्हे हाथों में खिलौने होंगे, आंखों में सपने और खेल-खेल में सीखने की नई उमंग... बचपन की इसी कल्पना को हकीकत में बदलने की तैयारी है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का दिन केवल अक्षर पहचानने और पोषाहार पाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल, गतिविधियों और रचनात्मकता के बीच उनकी प्रतिभा को आकार दिया जा रहा है। जिले में नौनिहालों के लिए तैयार हो रहा यह नया शैक्षिक वातावरण उनके सुनहरे भविष्य की उम्मीद जगाता है।
जिले के 1310 परिषदीय विद्यालय परिसरों में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें पंजीकृत करीब 50 हजार बच्चों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। पहले चरण में 617 केंद्रों पर चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। रंग-बिरंगी और बच्चों की उम्र के अनुरूप कुर्सियां व मेज उनके लिए पढ़ाई को सहज और आनंददायक बनाएंगी। वहीं, 317 केंद्रों पर आउटडोर प्ले की सुविधा विकसित की जा चुकी है।
यहां खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को गति मिलेगी। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में 729 अन्य केंद्रों पर भी बच्चों के अनुकूल फर्नीचर और आउटडोर प्ले जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही नौनिहालों को स्टेशनरी और शिक्षण सामग्री भी दी जा रही है। मकसद आंगनबाड़ी केंद्रों को ऐसी पहली पाठशाला बनाना है, जहां किताबी ज्ञान के साथ कल्पनाशीलता, संवाद और सामाजिक व्यवहार की भी पाठशाला चले।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि बचपन में खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने और व्यक्तित्व गढ़ने का माध्यम है। खुशनुमा माहौल में बच्चे बिना दबाव के नई चीजें सीख सकेंगे। इससे उनमें विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और प्राथमिक कक्षा में प्रवेश से पहले ही शिक्षा की मजबूत नींव तैयार होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।