विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदेश के 750 श्रद्धालुओं को मुफ्त में सोमनाथ के दर्शन कराएगी योगी सरकार, संस्कृति विभाग उठाएगा पूरा खर्च

Published: Mon, 13 Apr 2026 06:00 AM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार 750 तीर्थयात्रियों को सोमनाथ मंदिर की नि:शुल्क यात्रा कराएगी। 75 जिलों से 10-10 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है, जिनमें पुजारी, उद्यमी और सफाई कर्मचारी शामिल हैं।

750 श्रद्धालु निश्शुल्क करेंगे सोमनाथ की यात्रा

750 श्रद्धालु निश्शुल्क करेंगे सोमनाथ की यात्रा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, जागरण, गोंडा। भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से प्रथम और सबसे पवित्र तीर्थ स्थल में शामिल सोमनाथ की यात्रा सरकार निश्शुल्क कराएगी, इसके लिए सभी 75 जिलों से प्रत्येक से 10 यानी कुल 750 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया है।

अलग-अलग 11 श्रेणियों में श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। मंदिर के पुजारी, उद्यमी, सफाई कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक इसमें शामिल हैं। चयनित श्रद्धालु 19 अप्रैल को लखनऊ से गुजरात के सोमनाथ मंदिर की यात्रा पर रवाना होंगे। श्रद्धालुओं के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करने के लिए विनीत कुमार सिंह को नामित किया गया है।

उत्तर प्रदेश से गुजरात तक यात्रा का खर्च संस्कृति विभाग उप्र उठाएगा। जबकि, गुजरात में आवास, भोजन व स्थानीय यातायात की व्यवस्था गुजरात पर्यटन विभाग करेगा।

इस साल सोमनाथ मंदिर के ध्वंस के एक हजार वर्ष (1026 में गजनवी के हमले के एक हजार वर्ष) और पुनर्निर्मित मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है।

इसमें कई जगहों से श्रद्धालुओं को विशेष यात्राएं या कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भेजा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के गोंडा समेत 75 जिलों से 750 श्रद्धालु तीर्थयात्रा पर भेजे जाएंगे। यह यात्रा 18 अप्रैल को शुरू होगी। तीर्थ यात्री लखनऊ से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए 19 अप्रैल को रवाना होंगे।

यात्रा के दौरान सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ म्यूजियम, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव में भी तीर्थ यात्रियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता वाली समिति ने दस श्रद्धालुओं का चयन यात्रा के लिए किया है।

क्या है कार्यक्रम

18 अप्रैल को तीर्थयात्री लखनऊ पहुंचेंगे। 19 अप्रैल को लखनऊ में कार्यक्रम के बाद सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। 21 अप्रैल को सोमनाथ गुजरात में यात्रा आगमन, 22 व 23 अप्रैल को सोमनाथ में रहकर विभिन्न कार्यक्रमो्र में प्रतिभाग, 24 अप्रैल को यात्रा सोमनाथ से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी।

जनपद, तहसील व ब्लॉक स्तर पर होंगे कार्यक्रम

19 अप्रैल को स्वाभिमान पर्व के अवसर पर जनपद, तहसील व विकासखंड स्तर के शिवालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सामूहिक मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, सोमनाथ संकल्प संवाद, प्रवचन, सोमनाथ पर आधारित गाथा का प्रस्तुतिकरण, भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोंडा में अवैध खनन रोकने गए लेखपाल को पीटा, छीना मोबाइल, दो सगे भाइयों समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज

यात्रा पर जाने के लिए उत्साहित हैं श्रद्धालु

पंड़रीकृपाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत कपिसा के गरिबाजोत निवासी निखिल मिश्र इंटरमीडियट के छात्र हैं। वह राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। निखिल ने बताया कि सोमनाथ यात्रा का अवसर मिलना मेरे लिए किसी बड़े सौभाग्य से कम नहीं है। यात्रा को लेकर मैं उत्साहित हूं।

रुपईडीह ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंगलनगर निवासी सुरेंद्र कुमार गायक हैं। उन्होंने कहा कि मैंने यात्राएं तो कई की हैं, लेकिन कभी भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए सोमनाथ नहीं जा पाए, ये प्रभु की इच्छा है कि ये अवसर मिल रहा है।

पंचायतीराज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात पवन कुमार सिंह व कौड़ियाबाजार के पैड़ीबरा निवासी स्वयंसेवक रजनीकांत तिवारी भी यात्रा पर जाने के लिए खुश हैं।


गुजरात के सोमनाथ मंदिर की यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में दस श्रद्धालुओं का चयन करके सूची भेज दी गई है।

                                                                             वंदना पांडेय, पर्यटन सूचना अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।