विंध्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीनों की रजिस्ट्री शुरू, पहले दिन दो गांवों के किसानों ने कराए बैनामे
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विंध्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
विंध्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण तेज हुआ।
गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में पहले दिन चार बैनामे हुए।
एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल-विंध्य क्षेत्र में आवागमन सुधरेगा।
जागरण संवाददाता, मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना विंध्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की दिशा में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में तहसील में भूमि बैनामा कराने का कार्य शुरू हो गया।
पहले दिन रविवार की देर रात तक चले प्रक्रिया में तहसील क्षेत्र के दो मौजों में कुल चार बैनामे संपन्न कराए गए। इससे एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर क्षेत्र में गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जगी है।
पहले दिन चार लोगों को हुआ बैनामा
पहले दिन मौजा हैदरिया में नसीम अहमद पुत्र फैजल कादरी ने अपनी भूमि का बैनामा कराया। वहीं शेरपुर मौजे में तीन गाटों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें हरिशंकर पुत्र रूपचंद सहित अन्य भूमि मालिकों के बैनामे शामिल रहे। इस तरह पहले दिन कुल चार बैनामे कराए गए।
बैनामा कार्य की शुरुआत के दौरान तहसीलदार महेंद्र बहादुर, उप निबंधक कुलदीप सिंह, लेखपाल अखिलेश कुमार और लेखपाल रामजी सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों की देखरेख में रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के बीच होगा आवागमन
गौरतलब है कि विंध्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण से पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के बीच आवागमन को बेहतर बनाने के साथ ही विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
तहसील में बैनामा प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब अन्य प्रभावित गांवों के भूमि मालिकों की जमीनों की रजिस्ट्री पर भी निगाहें टिकी हैं। आने वाले दिनों में बैनामा कार्य में और तेजी आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- विंध्य एक्सप्रेसवे के मुआवजे के लिए शासन ने जारी किए 1200 करोड़ रुपये, पैसे रखने के लिए नहीं है बैंक अकाउंट