एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतकर लौटे राजकुमार पाल, पैतृक गांव में शानदार स्वागत, मां ने सीने से लगाकर जताया गर्व
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का गाजीपुर में भव्य स्वागत हुआ।

सैदपुर : करमपुर स्टेडियम में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले राजकुमार पाल का स्वागत करते स्टेडियम के लोग और खिलाड़ी।
HighLights
एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता राजकुमार पाल का गाजीपुर में भव्य स्वागत।
औड़िहार से करमपुर तक लोगों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
मां ने बेटे को गले लगाकर उसकी उपलब्धि पर गर्व जताया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर लौटे करमपुर के लाल राजकुमार पाल का सोमवार को गृह जनपद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। औड़िहार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही पहले से मौजूद साथी खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और क्षेत्रीय लोगों ने फूल-मालाओं से राजकुमार का स्वागत किया। अपने बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टार खिलाड़ी को पाकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।
औड़िहार स्टेशन पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय ने भी राजकुमार पाल को माला पहनाकर स्वागत किया। भारत माता की जय और राजकुमार पाल जिंदाबाद के नारों के बीच खिलाड़ियों का काफिला उन्हें लेकर करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के लिए रवाना हुआ।
गुरुजनों और वरिष्ठों का लिया आशीर्वाद
रास्ते में महमूदपुर, बिहारीगंज और भदैला सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने राजकुमार का अभिनंदन किया। करमपुर स्टेडियम पहुंचने पर राजकुमार पाल ने अपने गुरुजनों और वरिष्ठों का आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कोच इंद्रदेव कुमार और कुश्ती कोच अदालत यादव के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। राजकुमार को सामने पाकर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले साथी खिलाड़ी बेहद उत्साहित दिखे। खिलाड़ियों ने उन्हें घेरकर बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया। इसके बाद राजकुमार पाल अपने घर पहुंचे।
बेटे के स्वर्ण पदक जीतकर लौटने की खुशी में मां मनराजी देवी ने उन्हें सीने से लगा लिया। मां और बेटे का यह भावुक मिलन देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मां के चेहरे पर बेटे की उपलब्धि का गर्व साफ नजर आ रहा था। राजकुमार ने परिवार के अन्य बड़े सदस्यों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और छोटों को दुलार किया।
करमपुर की मिट्टी से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक
करमपुर के मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम से हॉकी का ककहरा सीखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे राजकुमार पाल की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वर्ष 2024 के पेरिस ओलिंपिक में भारतीय टीम के साथ कांस्य पदक जीतने के बाद अब एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
होगा भव्य सम्मान समारोह
राजकुमार पाल की कामयाबी से गदगद पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि राजकुमार ने गोल्ड मेडल जीतकर जनपद का मान एक बार फिर एशिया भर में बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द राजकुमार पाल के लिए भव्य सम्मान समारोह का आयोजन होगा।
