Asian Games 2026: गाजीपुर के राजकुमार पाल ने भारत को दिलाया गोल्ड मेडल, मिठाई बांटकर मनाया गया जश्न
एशियन गेम्स हॉकी फाइनल में भारत के स्वर्ण पदक जीतने पर गाजीपुर के करमपुर में जश्न मनाया गया। स्थानीय खिलाड़ी ...और पढ़ें

गाजीपुर के राजकुमार पाल ने भारत को दिलाया गोल्ड मेडल।
HighLights
भारत ने एशियन गेम्स हॉकी में स्वर्ण पदक जीता।
गाजीपुर के करमपुर में जीत का जश्न मनाया गया।
स्थानीय खिलाड़ी राजकुमार पाल की उपलब्धि पर गर्व।
जागरण संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर)। एशियन गेम्स के हॉकी फाइनल में भारत के स्वर्ण पदक जीतते ही शनिवार को हॉकी की नर्सरी करमपुर में जश्न का माहौल हो गया। मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम की 5-1 से शानदार जीत पर मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने जमकर खुशी मनाई। भारत की जीत के साथ ही करमपुर के स्टार खिलाड़ी राजकुमार पाल की उपलब्धि को लेकर भी क्षेत्र में उत्साह दोगुना हो गया।
करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में बने मल्टीपरपज हाल में खिलाड़ी, व्यवस्थापक अनिकेत सिंह, संचालक व पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी टीवी स्क्रीन पर फाइनल मुकाबला देख रहे थे। जैसे-जैसे भारतीय टीम गोल करती गई, स्टेडियम में उत्साह बढ़ता गया। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
बेटे की जीत के लिए मां ने की थी प्रार्थना
राजकुमार पाल की मां मनराजी देवी पूरे मुकाबले के दौरान बेटे और भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना करती रहीं। भारत के स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
व्यवस्थापक अनिकेत सिंह ने राजकुमार की मां मनराजी देवी और भाभी नीलम पाल को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। नीलम पाल ने कहा कि गोल्ड मेडल के साथ राजकुमार के लौटने पर घर में जोरदार स्वागत किया जाएगा।
करमपुर के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी जीत
खेलप्रेमियों ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की यह जीत करमपुर के खिलाड़ियों के लिए खास है। यहां की धरती से निकले राजकुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनके भारतीय टीम का हिस्सा रहते हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
राजकुमार पाल अर्जुन अवार्डी और ओलिंपियन के रूप में पहले ही क्षेत्र का मान बढ़ा चुके हैं। अब भारतीय टीम के साथ गोल्ड जीतना उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ना है।
यह भी पढ़ें- यूपी में नवरात्र से पहले अयोध्या, आगरा और मेरठ जिलों में शुरू होगी भारत टैक्सी सेवा, नौ शहरों में भी होगा विस्तार
