यूपी के गाजीपुर में नारकोटिक्स ब्यूरो की कस्टडी से फरार हुआ मेफेड्रोन तस्कर, टॉयलेट का वेंटिलेशन तोड़कर भागा
मऊ में अवैध मेफेड्रोन निर्माण प्रयोगशाला के भंडाफोड़ के बाद गिरफ्तार तस्कर विवेक गुप्ता गाजीपुर में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की हिरासत से फरार हो गया।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय गाजीपुर
HighLights
मेफेड्रोन तस्कर विवेक गुप्ता सीबीएन हिरासत से भागा।
शौचालय के जर्जर वेंटिलेशन तोड़कर बनाया भागने का रास्ता।
निगरानी व्यवस्था और भवन गुणवत्ता पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मऊ में अवैध मेफेड्रोन (एमडी) निर्माण प्रयोगशाला के भंडाफोड़ में गिरफ्तार तस्करी का आरोपित विवेक गुप्ता केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की विभागीय अभिरक्षा से फरार हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सीबीएन के पीआई सेल कार्यालय परिसर में शनिवार को उसने शौचालय के पिछले हिस्से की जर्जर संरचना और कमजोर वेंटिलेशन को हटाकर रास्ता बनाया और फरार हो गया।
विभागीय अभिरक्षा में रखे गए गंभीर मादक पदार्थ के आरोपित के इस तरह भाग निकलने से निगरानी व्यवस्था के साथ ही सरकारी भवन की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। निरीक्षक अब्दुल वहीद की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केवल विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय नीमच (मध्य प्रदेश) को मिली गोपनीय सूचना पर सीबीएन की टीम ने आठ नवंबर को मऊ में अवैध मेफेड्रोन निर्माण प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया था। मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और रसायन जब्त किए गए थे।
कार्रवाई में आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र स्थित अतसाठ बाजार निवासी विवेक गुप्ता और राजस्थान के बीकानेर निवासी दुर्गा प्रसाद को गिरफ्तार किया गया था। मामले में निरीक्षक अब्दुल वहीद विवेचना अधिकारी थे। न्यायालय ने ड्रग सिंडिकेट की जांच के लिए दोनों को विभागीय अभिरक्षा में सौंपा था।
13 नवंबर को मजिस्ट्रेट के सामने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों और रसायनों की सैंपलिंग तथा इन्वेंटरी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद दोनों को गाजीपुर के पीआई सेल परिसर में रखा गया।
उपनिरीक्षक को सौंपी थी निगरानी की जिम्मेदारी
शनिवार को विवेचना अधिकारी अब्दुल वहीद जब्त नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना (जीओएडब्ल्यू) भेजने की प्रक्रिया में लगे थे। उन्होंने विवेक की निगरानी उपनिरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी थी।
तहरीर के अनुसार, शौचालय जाने की अनुमति मांगने पर तलाशी के बाद विवेक को वहां भेजा गया। उसने पुराने भवन की जर्जर संरचना का फायदा उठाकर वेंटिलेशन हटाया और निकल गया। काफी देर तक आहट नहीं मिलने पर संदीप ने अंदर जाकर देखा तो वह गायब था। सूचना पर अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।