गाजीपुर में जिला अस्पताल के लैब का सर्वर ठप, 500 से अधिक जांच रिपोर्ट अटकीं
गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी लैब का सर्वर ठप होने से 500 से अधिक जांच रिपोर्टें अटक गई ...और पढ़ें

गाजीपुर मेडिकल कॉलेज लैब सर्वर ठप 500 से अधिक रिपोर्टें अटकीं।
HighLights
गाजीपुर मेडिकल कॉलेज लैब का सर्वर अचानक ठप हुआ।
500 से अधिक मरीजों की जांच रिपोर्टें लंबित हो गईं।
मैनुअल तरीके से रिपोर्टें दी जा रही हैं, डेटा सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कालेज की नई बिल्डिंग स्थित पैथोलाजी लैब का सर्वर शुक्रवार को अचानक ठप हो गया। सर्वर ठप होने से 500 से अधिक जांच रिपोर्ट अटक गई हैं। एक दिन पहले जांच कराने वाले मरीजों को रिपोर्ट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई है।
सर्वर में तकनीकी खराबी आने के बाद लैब का काम प्रभावित हुआ है। हालांकि, मेडिकल कालेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी नई बिल्डिंग का सर्वर नहीं, बल्कि केवल लैब का सर्वर खराब हुआ है। फिलहाल बैकअप के जरिए कामकाज चलाया जा रहा है। लंबित रिपोर्टों को जल्द उपलब्ध कराने के लिए मैनुअल व्यवस्था लागू की गई है। संबंधित कर्मचारियों को हाथ से रिपोर्ट तैयार कर मरीजों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, सर्वर खराब होने के बाद जांच का डेटा क्रैश होने और रिकार्ड उड़ने की चर्चा भी फैल गई है। कालेज प्रशासन ने इसे खारिज करते हुए कहा है कि मरीजों का पूरा डेटा सुरक्षित है। सर्वर की मरम्मत के लिए शिकायत दर्ज करा दी गई है और उसे दुरुस्त करने का काम चल रहा है।
मरीजों को परेशानी न हो, इसलिए मैनुअल तरीके से जांच रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वर की खराबी दूर कराने के लिए शिकायत दर्ज कराई गई है। डेटा पूरी तरह सुरक्षित है।
डा. आनंद मिश्रा प्राचार्य राजकीय मेडिकल कालेज