अब नए परिसर में सजेगा ऐतिहासिक लटिया महोत्सव, डेढ़ बीघा जमीन पर लगेगा भव्य मेला
सम्राट अशोक क्लब द्वारा आयोजित होने वाला लटिया महोत्सव अब जमानियां, गाजीपुर में डेढ़ बीघा नई जमीन पर होगा। इस नए परिसर का भूमि पूजन श्रीलंका बुद्ध विहार के धम्म गुरु नन्दरतन महाथेरा ने किया।

भूमि पूजन में शामिल लोग। फोटो जागरण
HighLights
लटिया महोत्सव अब डेढ़ बीघा नई जमीन पर होगा आयोजित।
धम्म गुरु नन्दरतन महाथेरा ने नए परिसर का भूमि पूजन किया।
यह परिसर बौद्ध संस्कृति और क्षेत्रीय गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। सम्राट अशोक क्लब की ओर से हर वर्ष दो फरवरी को आयोजित होने वाला लटिया महोत्सव अब अपने परिसर में होगा। इसके लिए खरीदी गई डेढ़ बीघा जमीन पर मंगलवार को विधि-विधान से भूमि पूजन कर नए महोत्सव स्थल की आधारशिला रखी गई।
श्रीलंका बुद्ध विहार, कुशीनगर के विहाराधिपति एवं धम्म गुरु नन्दरतन महाथेरा ने धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शिलान्यास किया। इस दौरान दूर-दराज से बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी पहुंचे। पूरा परिसर बुद्धमय नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध चरित्र चन्द्रोदय के वाचन से हुआ। बौद्ध परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। धम्म गुरु नन्दरतन महाथेरा ने कहा कि लटिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है।
भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नया परिसर महोत्सव के विस्तार और बौद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अहम साबित होगा।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दो फरवरी को लटिया महोत्सव और मेले का आयोजन इसी नई भूमि पर किया जाएगा। आयोजन के लिए पर्याप्त जगह और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में यह परिसर बौद्ध अनुयायियों और क्षेत्रीय लोगों के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी बनेगा।
सम्राट अशोक क्लब भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र मौर्य, जिलाध्यक्ष अरविन्द कुशवाहा, राष्ट्रीय महाप्रबंधक डा. आरपी मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव जीवनदीप मौर्य, पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, पूर्व एमएलसी बृजभूषण कुशवाहा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, धनंजय मौर्य, राष्ट्रीय प्रवक्ता सच्चिदानंद मौर्य, अशोक कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा, रामेश्वर कुशवाहा, राजन मौर्य, राम प्रभाष, शिवजी वर्मा, सत्यनारायण, शशिकांत कुशवाहा और वीर बहादुर मौर्य मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।