गाजीपुर में दो युवकों को मारी गोली, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी ग्राम प्रशासक की बाइक फूंकी
गाजीपुर के मोहांव गांव में सोमवार रात दो युवकों अजय और सुरेंद्र को गोली मार दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
गाजीपुर में दो युवकों को गोली मारकर घायल किया गया।
आरोपी ग्राम प्रशासक की बाइक ग्रामीणों ने आग के हवाले की।
घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव में सोमवार की रात करीब 11 बजे गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोहांव पासीपुरा निवासी अजय कुमार पासी पुत्र प्रकाश पासी और इस्लामाबाद गांव निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र बिरजू राम के रूप में हुई है। अजय के पेट में, जबकि सुरेंद्र की बांह में गोली लगी है।
घटना के बाद स्वजन आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
स्वजन ने आरोप लगाया कि गांव के पास बकराबाद के ग्राम प्रशासक संजय बिंद ने दोनों युवकों को गोली मारी है। घटना के बाद वह अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने बाइक को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, गोली मारने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में 28 वेंटिलेटर और पांच डॉक्टरों के बावजूद ठुकराई गई नवजात, इमरजेंसी के वेंटिलेटर पर बची जान