गाजीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार टोल कर्मी की मौत, परिवार में मातम का माहौल
गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में टोलकर्मी जितेंद्र यादव की मौत हो गई। वह शादी का निमंत्रण कर अपने घर लौट रहे थे तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ।

HighLights
टोलकर्मी जितेंद्र यादव की ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत।
शादी का निमंत्रण कर लौटते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।
गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव के पास हादसा।
जागरण संवाददाता, मरदह (गाजीपुर)। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव के पास बुधवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जितेंद्र यादव उर्फ मुलायम (25) मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव से शादी का निमंत्रण कर अपने घर मिर्जापुर (जंगीपुर) लौट रहे थे। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जितेंद्र मिर्जापुर-क्यामपुर टोल प्लाजा पर कर्मचारी थे। बुधवार शाम ड्यूटी के बाद वह रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण करने फकराबाद गए थे। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, पिता रमेश यादव ने उन्हें रिश्तेदारी में भोजन कर रुकने की सलाह दी थी, लेकिन वह गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकल पड़े।
उन्होंने फोन कर अपने मित्रों को बताया था कि वह लौट रहे हैं और सभी साथ मिलकर भोजन करेंगे। मित्र उनके आने का इंतजार करते रह गए, तभी हादसे की सूचना पहुंच गई। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के जितेंद्र अविवाहित थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां मंजू देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नोनहरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।