गाजीपुर में मां-बेटी के गले, चेहरे और बांह पर चाकू के वार, शरीर पर मिले खरोंच के निशान
गाजीपुर के धरवां गांव में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने संघर्ष की पुष्टि की है, जिसमें गले, चेहरे और बाहों पर कई वार मिले हैं। पुलिस नामजद आरोपी सोनू उर्फ परवेज कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दबिश दे रही है, जो अभी फरार है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई जगह धारदार हथियार से हमले की पुष्टि, नामजद आरोपित अब भी फरार।
HighLights
मां-बेटी की हत्या में पोस्टमार्टम ने चाकू के कई वार बताए।
गले, चेहरे, बाहों पर वार, शरीर पर खरोंच संघर्ष दर्शाते हैं।
आरोपी सोनू उर्फ परवेज कुरैशी की तलाश में पुलिस टीमें।
जागरण संवाददाता, नंदगंज (गाजीपुर)। धरवां गांव की नई बस्ती में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के गले, चेहरे और बाहों पर चाकू के कई वार मिलने की पुष्टि हुई है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी खरोंच के निशान मिले हैं।
इससे वारदात के दौरान संघर्ष की आशंका भी जताई जा रही है। उधर, मामले में नामजद आरोपित सोनू उर्फ परवेज कुरैशी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बुधवार को जैबुन निशा और उनकी 12 वर्षीय बेटी ऐमन निशा के शव घर के अंदर रक्तरंजित हालत में मिले थे। दोनों की हत्या के बाद मकान के बाहर ताला बंद कर दिया गया था। मंगलवार से महिला का मोबाइल बंद होने और घर पर ताला लटका होने पर स्वजन को संदेह हुआ। बुधवार को बहनें पहुंचीं और ताला तोड़कर अंदर गईं तो घटना का पता चला।
जैबुन पिछले आठ वर्षों से बेटी के साथ धरवां में रह रही थीं। उनके भाई अमीरुल्ला ने बिजली के केबल को लेकर विवाद और पूर्व में मिली धमकी का हवाला देते हुए सोनू उर्फ परवेज के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी।
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार रात दोनों शव कासिमाबाद स्थित गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिए गए। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।