गाजीपुर में मां ने बेटियों को नदी में डुबाकर मारा, खुद पेटीकोट-ब्लाउज पहनकर घूमती मिली तो लोग हुए हैरान
गाजीपुर में गंगा नदी में मिले दो बच्चियों के शवों की पहचान हुई है। पति से विवाद के बाद मां ...और पढ़ें

HighLights
मां ने पति से विवाद में बेटियों को नदी में फेंका।
गाजीपुर गंगा में मिले दो बच्चियों के शवों की पहचान।
मां लक्ष्मी देवी ने साड़ी से बांधकर गोमती में डुबोया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। नगर क्षेत्र में गंगा नदी में बहते हुए दो शव मिलने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दोनों शवों के पेट पर साड़ी बंधे होने से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं, जिसका हकीकत सामने आने पर लोग हैरान रह गए।
साड़ी से बंधे दोनों शवों की पहचान आजमगढ़ जिले देवगांव थाना के कपसेठा निवासी साक्षी (10) और मीनाक्षी (8) के रूप में हुई है। पुलिस ने सैदपुर से बहते हुए दोनों शवों को कोतवाली क्षेत्र के सैय्यदबाडा के रामेश्वर घाट से निकाला।
स्वजन ने आरोप लगाया कि पति से विवाद में लक्ष्मी देवी ने दोनों बेटियों को बाधकर गोमती नदी में फेंक दिया और पति पर दोनों बेटियों को ले जाने का आरोप लगा दिया। अगले दिन नाना ने जौनपुर के केराकत थाने में दोनों बेटियों के गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कराई। जौनपुर के केराकत थाने की पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
यह है पूरा मामला
पति सत्येंद्र कुमार यादव से विवाद के बाद लक्ष्मी देवी 13 अप्रैल से अपने मायके आजमगढ़ के ही भुड़की गांव में रह रही थी। ससुराल पक्ष का आरोप है कि 13 अक्टूबर को वह दोनों बेटियों को ससुराल ले जाने की बात कहकर घर से निकली और जौनपुर के केराकत क्षेत्र के सिहौली उदयचंदपुर में गोमती नदी के किनारे पहुंच गई।
आरोप है कि रात करीब आठ से नौ बजे के बीच उसने अपनी साड़ी से दोनों बच्चियों को आपस में बांधा और नदी में फेंक दिया। इसके बाद वह पेटीकोट और ब्लाउज पहने बदहवास हालत में सड़क पर घूमती मिली। घटना के बाद महिला का बिना साड़ी में घूमने का वीडियो सामने आया था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसे बिना साड़ी के घूमते देखा तो पूछने पर इसने बताया कि मेरे दो बच्चों को पति उठा ले गए है। स्थानीय लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह पुलिस को न बुलाने की गुहार लगाती रही। जब लोगों ने वीडियो बनाना शुरु किया तो वह पति और ससुराल वालों पर मारपीट करने तथा बच्चियों को छीनने का आरोप लगाती दिखाई दी।
इसके बाद महिला ने अपने पिता से बच्चियों के लापता होने की मनगढ़ंत कहानी रची। 14 अक्टूबर की रात बच्चियों के नाना लालजीत यादव ने केराकत थाने में गुमशुदगी की तहरीर देकर बताया कि सिहौली के पास चाय-पानी करते समय दोनों बच्चियां अचानक लापता हो गईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी।
शनिवार की शाम को दोनों बच्चियों के शव गोमती नदी से बहते हुए सैदपुर में गंगा नदी तक पहुंच गया। शव आपस में बंधे मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसके बाद रविवार को दोनों शव को सदर कोतवाली पुलिस ने रामेश्वर घाट से बरामद किया। स्वजन ने आरोप लगाया कि महिला ने ही दोनों बच्चियों को गोमती में फेंक दिया।
