मामी कर रही थी आत्महत्या, धक्का-मुक्की में तालाब में गिरी भांजी; बचाने के लिए कूदे मामा की भी मौत
डोभी के मिस्त्रीटांड़ में एक दर्दनाक हादसे में गौतम कुमार और उनकी चचेरी भांजी रचना की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

घर पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
गौतम और भांजी रचना की गहरे पानी में डूबकर मौत।
पत्नी के आत्महत्या प्रयास के दौरान हुआ यह हादसा।
डोभी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, डोभी। थाना क्षेत्र के मिस्त्रीटांड़ में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में आहर के गहरे पानी में डूबने से गौतम कुमार और उसकी चचेरी भांजी रचना की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। गौतम ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद गौतम की पत्नी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
इसमें असफल रहने पर वह बनारसी आहर की ओर चली गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गौतम को दी। इसके बाद वह अपनी चचेरी भांजी रचना के साथ दौड़कर आहर के पास पहुंचा।
पैर फिसलने से आहर में गिरी रचना
रचना बचपन से ही अपने ननिहाल में रहती थी। गौतम अपनी पत्नी को आहर में कूदने से रोक रहा था। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में रचना का पैर फिसल गया और वह आहर में गिर गई।
रचना को डूबते देख गौतम भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। आहर में गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर डोभी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। रचना के नाना विनोद सिंह के अनुरोध पर पुलिस ने उसका शव बिना पोस्टमार्टम कराए स्वजनों को सौंप दिया, जबकि गौतम के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज सह अस्पताल, गया भेज दिया गया।
गौतम अपने पिता शंकर सिंह का इकलौता पुत्र था। शंकर सिंह पैर से दिव्यांग हैं। गौतम की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद घर के बाहर स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
