विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: मेधावी छात्राओं को दिसंबर में मिलेगी स्कूटी की सौगात, देखें पूरी डिटेल

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:15 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 06:34 AM (IST)

गाजीपुर में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत दिसंबर में मेधावी छात्राओं को स्कूटी मिलेगी। 1142 छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मेधावी छात्राओं को दिसंबर में मिलेगी रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी।

  2. गाजीपुर में 1142 छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन हुआ।

  3. आय प्रमाण पत्र में अंतर से सत्यापन में आ रही दिक्कत।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। उच्च शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अब स्कूटी से कॉलेज आने-जाने की सुविधा मिलने जा रही है। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से संबद्ध महाविद्यालयों की शीर्ष पांच प्रतिशत मेधावी छात्राओं को दिसंबर में स्कूटी की सौगात मिलेगी।

इसके लिए जिले की 1142 छात्राओं के दस्तावेजों का रविवार को विकास भवन सभागार में सत्यापन कराया गया। चयन प्रक्रिया में शैक्षिक प्रदर्शन के साथ निर्धारित पात्रता और अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है।

आधार से अंकपत्र तक पांच दस्तावेजों की जांच

सत्यापन के दौरान आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, मूल निवास प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र और अंकपत्र की मूल प्रति व छायाप्रति की जांच की गई। योजना के लिए छात्रा के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदन के समय पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों और सत्यापन के समय प्रस्तुत प्रमाणपत्रों का विवरण समान होना जरूरी है।

आय प्रमाणपत्र में अंतर से अटक सकता है सत्यापन

राजकीय महिला पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं योजना समन्वयक शंभू कुमार ने बताया कि 1142 छात्राओं के दस्तावेज जमा करा लिए गए हैं। पोर्टल पर सत्यापन किया जा रहा है। कई छात्राओं ने आवेदन के समय पुराना आय प्रमाणपत्र अपलोड किया था, जबकि सत्यापन के दौरान नया प्रमाणपत्र लगा दिया। इससे दोनों का विवरण मेल नहीं खा रहा है। ऐसी छात्राओं को संबंधित दस्तावेज दोबारा जमा कराने होंगे।

यह भी पढ़ें- गाजीपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में बनेगा नीकू-पीकू वार्ड, बीमार नवजातों को मिलेगा बेहतर इलाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।