गाजीपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में बनेगा नीकू-पीकू वार्ड, बीमार नवजातों को मिलेगा बेहतर इलाज
गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार नवजातों और बच्चों के लिए नीकू-पीकू वार्ड स्थापित किया जाएगा।
-1795342600840_m.webp)
राजकीय मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग। फोटो- जागरण
HighLights
राजकीय मेडिकल कॉलेज में नीकू-पीकू वार्ड स्थापित होगा।
गंभीर नवजातों और बच्चों को स्थानीय गहन चिकित्सा मिलेगी।
10 वार्मर और 10 बेड के साथ वार्ड बनेगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गंभीर रूप से बीमार नवजातों और बच्चों के उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग गोराबाजार में नीकू (एनआईसीयू) और पीकू (पीआईसीयू) वार्ड स्थापित किया जाएगा। नवजातों के उपचार के लिए 10 नए वार्मर मंगाए जाएंगे, जबकि पांच-पांच बेड का नीकू-पीकू वार्ड तैयार होगा।
दोनों इकाइयों के शुरू होने से जिले में बाल चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। खासकर जन्म के समय गंभीर स्थिति में पहुंचने वाले नवजातों और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को स्थानीय स्तर पर गहन चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
नीकू (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) में जन्म से लेकर 28 दिन तक के नवजात शिशुओं का उपचार किया जाएगा। समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन वाले और सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे शिशुओं के लिए यह इकाई महत्वपूर्ण होगी। यहां वार्मर के माध्यम से नवजातों के शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के साथ उनकी सेहत की लगातार निगरानी की जाएगी। इसके लिए 10 नए वार्मर मंगाने की तैयारी है।
साथ ही नवजातों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। पीकू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) में 28 दिन से अधिक उम्र के गंभीर रूप से बीमार बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा।
इसके लिए पांच बेड का विशेष वार्ड तैयार किया जा रहा है। यहां बच्चों की गंभीरता के अनुसार गहन चिकित्सा और निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
दोनों वार्ड नई बिल्डिंग में संचालित होंगे। इससे गाजीपुर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। गंभीर स्थिति में बच्चों को दूसरे शहरों में ले जाने की मजबूरी कम होगी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हमारा प्रयास है कि गंभीर स्थिति में बच्चों को इलाज के लिए दूसरे जनपदों में न जाना पड़े और उन्हें मेडिकल कॉलेज में ही बेहतर जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। इसलिए कुछ ही दिनों में नई बिल्डिंग में दस वार्मर व दस बेड के साथ एनआईसीयू व पीआईसीयू वार्ड बनाया जाएगा। -प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज।