गाजीपुर में 52 करोड़ की लागत से बन रहा व्हीकल फ्लाईओवर, निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन तय
गाजीपुर के मेदनीपुर में 52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे व्हीकल फ्लाईओवर का 35% काम पूरा हो गया है। एनएचएआई द्वारा डेडलाइन तय कर दी गई है।।

52 करोड़ से बन रहा व्हीकल फ्लाईओवर।
HighLights
मेदनीपुर फ्लाईओवर का 35% निर्माण कार्य पूरा हुआ।
एनएचएआई ने जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा।
यातायात सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मेदनीपुर के पास निर्माणाधीन व्हीकल फ्लाईओवर का काम अब रफ्तार पकड़ने लगा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इस निर्माण का अब तक लगभग 35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
विभाग ने जुलाई 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी कर फ्लाईओवर को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
परियोजना के तहत दोनों तरफ एप्रोच मार्ग तैयार करने के साथ कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं। इनमें पी-2 साइड पर 21 और पी-1 साइड पर तीन पिलर प्रस्तावित हैं।
एनएचएआई की निगरानी में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। परियोजना का प्रस्ताव वर्ष 2024 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया था। वर्ष 2025 में स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद निर्माण शुरू हुआ।
फ्लाईओवर के चालू होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। खासकर बिहार की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
किसानों और व्यापारियों को कृषि उत्पादों एवं व्यावसायिक सामानों के परिवहन में सहूलियत होगी। इससे समय और ईंधन की बचत के साथ क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- भारत नेट योजना से हर महीने कमा रहे 35 हजार तक कमा रहे सुलतानपुर के युवक, बैंकिंग-लाइब्रेरी से संवर रहा भविष्य