गाजीपुर में ज्वैलर्स से सोने की चेन लूटकर भागे दो बदमाश, 3 घंटे में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार; पैर में लगी गोली
गाजीपुर में संगीनी ज्वैलर्स से बदमाशों ने तमंचे के बल पर छह सोने की चेन लूटीं और हवाई फायरिंग करते ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
गाजीपुर के संगीनी ज्वैलर्स में हुई सोने की चेन लूट।
बदमाशों ने तमंचे के बल पर कर्मचारियों को डराकर की वारदात।
पुलिस ने तीन घंटे में मुठभेड़ कर दोनों लुटेरों को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गाजीपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर बंशी बाजार स्थित संगीनी ज्वैलर्स में शनिवार शाम बदमाशों ने दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम दिया। कार से पहुंचे बदमाश दुकान में घुसे और कर्मचारियों को तमंचे के बल पर आतंकित कर सोने की छह चेन लूट लीं। विरोध करने पर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन घंटे के भीतर मीरनपुर शक्का मोड़ के पास मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है।
संजय सेठ की संगीनी ज्वैलर्स में शाम करीब साढ़े छह बजे बदमाश पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों से सोने की चेन दिखाने को कहा। चेन काउंटर पर आते ही एक बदमाश ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी, जबकि दूसरे ने छह चेन लूट लीं। घटना के समय दुकान में चार कर्मचारी मौजूद थे। सुरक्षा में तैनात गनमैन छुट्टी पर था।
जांच में सामने आया कि बदमाश वारदात से पहले शाम करीब छह बजे श्रीसाईं नाथ ज्वैलर्स भी पहुंचे थे। वहां सोने की चेन उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर लौट गए थे। इस बीच वारदात कर भाग रहे बदमाशों की कार का एक युवक ने स्कूटी से पीछा किया और वीडियो बना लिया। उसने कार का नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया।
यह भी पढ़ें- KGMU में 'द केरल स्टोरी' की तर्ज पर स्लीपर मॉड्यूल: सहानुभूति के जाल में फंसाकर महिला डॉक्टरों के मतांतरण की साजिश
पुलिस ने कार की लोकेशन के आधार पर हाइवे की ओर भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी की। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय कुमार दुबे उर्फ पप्पू और पुष्कर दुबे के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई पांच सोने की चेन, दो पिस्टल, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। घायल आरोपितों को राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।