गाजीपुर में घर लौट रहे किसान की सड़क हादसे में मौत, कार छोड़कर चालक हुआ फरार
गाजीपुर के रेवसा फोरलेन कट पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार किसान जयप्रकाश बिंद (40) की मौत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
रेवसा फोरलेन कट पर कार ने बाइक को टक्कर मारी।
बाइक सवार किसान जयप्रकाश बिंद की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने कार जब्त की, फरार चालक की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। थाना क्षेत्र के रेवसा फोरलेन कट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार किसान जयप्रकाश बिंद (40) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेवसा गांव निवासी जयप्रकाश नंदगंज से बाइक से घर लौट रहे थे। रेवसा हाईवे कट के पास गांव की ओर मुड़ते समय वाराणसी से गाजीपुर जा रही कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक दो भाइयों में बड़े थे। उनके एक पुत्र आकाश और तीन पुत्रियां हैं। पत्नी सरोज देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता विक्रम बिंद की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।