यूपी चुनाव: गाजीपुर में EVM से मतदान की प्रक्रिया समझेंगे वोटर, चुनाव तक हर कार्यदिवस पर होगा प्रदर्शन
गाजीपुर में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर ईवीएम जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत मतदाता ईवीएम की कार्यप्रणाली को समझेंगे।

विधानसभा मुहम्मदाबाद में ईवीएम का प्रदर्शन करते कर्मचारी। फोटो- जागरण
HighLights
गाजीपुर में 2027 विधानसभा चुनाव हेतु ईवीएम जागरूकता अभियान शुरू।
मतदाता ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया को समझेंगे।
अभियान का लक्ष्य स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव में विश्वास बढ़ाना।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। विधानसभा चुनाव में मतदान करने से पहले अब मतदाता ईवीएम की कार्यप्रणाली को समझ सकेंगे। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर शुक्रवार से जिले की सभी छह तहसीलों और जिला मुख्यालय पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से जागरूकता अभियान शुरू किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित निर्वाचन कार्यालय के केंद्र पर 45 लोगों ने ईवीएम संचालन की जानकारी ली। वहीं अन्य तहसीलों में 10 से 15 लोगों ने प्रदर्शन में प्रतिभाग किया।
केंद्रों पर नागरिकों और मतदाताओं को ईवीएम चलाने तथा मतदान की प्रक्रिया समझाई गई। मशीन के संचालन से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक कार्यदिवस पर ईवीएम का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके लिए तैनात कर्मियों को प्रतिदिन प्रदर्शन की फोटो अपने एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करनी होगी। इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय लखनऊ भेजी जाएगी। अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देकर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है।