विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति बनने के बाद बल‍िया में अपने गांव पहुंचे हरिवंश, लोगों ने क‍िया स्वागत

By Ravindra Kumar Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 12:48 PM (IST)

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश तीसरी बार पद संभालने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव दलजीत टोला, बलिया पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने विकास, बचपन की यादों और सामाजिक उत्थान पर चर्चा की, साथ ही युवाओं से बेहतर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश का बलिया गांव में भव्य स्वागत, विकास और बचपन की यादें साझा कीं।

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश का बलिया गांव में भव्य स्वागत, विकास और बचपन की यादें साझा कीं।

HighLights

  1. राज्यसभा उपसभापति हरिवंश का पैतृक गांव दलजीत टोला में भव्य स्वागत।

  2. उन्होंने बचपन की यादें साझा कीं और विकास पर चर्चा की।

  3. युवाओं से बेहतर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान।

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। राज्यसभा के उपसभापति के रूप में तीसरी बार जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार शुक्रवार को अपने गांव पहुंचे हरिवंश का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। पटना से आरा होते हुए वह नाव के जरिए माहुली घाट पहुंचे और गंगा पार कर अपने पैतृक गांव दलजीत टोला आए। माहुली घाट पर खवासपुर के लोगों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद दलजीत टोला में गाजे-बाजे के साथ ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान रामबाबू यादव, गजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह पल्लू, शिवपरसन सिंह, महंत यादव, विभूति यादव, रविंद्र सिंह और संतोष सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। शनिवार की सुबह से ही गांव में उनसे मिलने और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

सिताबदियारा के 27 टोलों से लोग बारी-बारी से पहुंचते रहे। इस दौरान गांव-समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दिनभर चर्चा होती रही। बलिया और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। ग्रामीणों के बीच उनकी सहजता और सादगी चर्चा का विषय बनी रही। लोगों का कहना था कि हरिवंश जब भी गांव आते हैं, उनके साथ न तो गाड़ियों का काफिला होता है और न ही कोई विशेष तामझाम। उनकी यही सादगी उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान हरिवंश ने अपने बचपन और गांव से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 में उन्होंने गांव छोड़ा था। बचपन में नीम के पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई किया करते थे। उस समय गांव में स्कूलों की संख्या काफी कम थी। शिक्षकों का स्नेह ऐसा था कि वे घर आकर भी पढ़ाते थे। स्वर्गीय राजकिशोर सिंह और सुरेश गिरि का विशेष स्नेह उन्हें मिला। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें इन शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है।

देश में विकास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास की नई गति देखने को मिली है। सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है और गांवों को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ा जा रहा है। बैरिया और आरा को जोड़ने के लिए गंगा पर पुल का निर्माण भी होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं पहले भी थीं, लेकिन क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं हुए।

सिताबदियारा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने जयप्रकाशनगर क्षेत्र के विकास की नींव रखी, जबकि बिहार की सीमा में आने वाले गांवों की तस्वीर बदलने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज गांवों में बिजली, अस्पताल, सड़क और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने युवाओं से बेहतर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कहा कि समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने की जरूरत है। गांव और समाज का विकास सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।इस दौरान हरिवंश ने गांव के काली मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। मौके पर शिवपूजन सिंह, मुकेश सिंह, रामबिहारी सिंह, मोहन बिहारी सिंह, श्रीपति यादव और तेजन यादव समेत गांव के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।