गाजीपुर रोजगार मेले में 536 युवाओं को मिला अप्वाइंट लेटर, 25 से अधिक कंपनियों ने लिया इंटरव्यू
गाजीपुर के जमानियां में आयोजित रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिसमें 536 को मौके पर ही नियुक्ति पत्र मिले। 25 से अधिक कंपनियों ने 12 हजार से 35 हजार रुपये तक के वेतन पर युवाओं का चयन किया।

हिन्दू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रा को नियुक्ति पत्र देते कॉलेज प्रबंधक। फोटो जागरण
HighLights
जमानियां में वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन।
536 युवाओं को मौके पर ही मिले नियुक्ति पत्र।
25 से अधिक कंपनियों ने किया युवाओं का चयन।
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय और हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज के गांवों से आए 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों की ओर से साक्षात्कार के बाद 536 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को रोजगार से जोड़ते हुए कहा कि युवाओं के रोजगार से जुड़ने पर ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।
रोजगार छोटा हो या बड़ा, उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें जिले में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की जानकारी मिलती रहे।
जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण, आउटसोर्सिंग पोर्टल के माध्यम से रोजगार, विदेश में भर्ती के अवसर और करियर काउंसिलिंग के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को बिचौलियों से सावधान करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर देने के लिए भविष्य में भी रोजगार मेलों का आयोजन किया जाना चाहिए।
रोजगार मेले में 25 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों ने आठवीं, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आइटीआइ, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक योग्यताधारी युवाओं का साक्षात्कार लेकर चयन किया। चयनित युवाओं को 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर रोजगार मिला।
प्रबंधक लछिराम सिंह यादव, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, प्रो. अरुण कुमार, संतोष पांडेय और अजय कुमार गुप्त सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया। अंत में प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने अतिथियों, कंपनी प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।