राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का सेलेक्शन, मेडल की झड़ी लगाकर बढ़ाया जिले का मान
गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जिन्होंने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
-1794568705163_m.webp)
राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का सेलेक्शन।
HighLights
गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता हेतु चयन।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जीते कई पदक।
शुभम, खुशबू, नीलम, आदित्य, आरती ने किया बेहतरीन प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, बहरियाबाद (गाजीपुर)। प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जनपद के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का रास्ता साफ कर लिया है।
प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक आयोजित 70वीं माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले के खिलाड़ियों ने कई पदक हासिल किए। उनके प्रदर्शन के आधार पर छह खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जबकि दो खिलाड़ी संभावित सूची में शामिल हैं।
क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 4×400 मीटर रिले में रजत पदक जीता।
अंडर-19 बालिका वर्ग में टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर की खुशबू यादव ने 3000 मीटर वाक रेस में स्वर्ण पदक हासिल किया। लूर्दस कान्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज गाजीपुर की नीलम बिंद ने 4×400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-17 बालक वर्ग में बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने भी 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। इनके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अभय प्रसाद और पायल शर्मा का चयन संभावित है।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के एसएमएस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में अंडर-17 वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता चल रही है। गुरुवार को हुई हीट रेस में आदित्य यादव ने 8 मिनट 40.77 सेकेंड का समय निकालकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और फाइनल में जगह बनाई। उनसे पदक की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।