विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में 308 पहियों वाले ट्रक से आ रहा 200 टन का वेसल, बिरनो टोल पर तोड़नी होगी लेन

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:39 AM (IST)

ओडिशा से बलरामपुर चीनी मिल जा रहा 200 टन वजनी वेसल लेकर 308 पहियों वाला विशेष ट्रक गाजीपुर जनपद में प्रवेश कर रहा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 308 पहियों वाला ट्रक 200 टन वेसल लेकर गाजीपुर पहुंचा।

  2. बिरनो के मिर्जापुर टोल पर लेन तोड़कर गुजारा जाएगा।

  3. यह विशेष वाहन प्रतिदिन 20-30 किमी की धीमी गति से चल रहा है।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से बलरामपुर चीनी मिल में जा रहा दो सौ टन से अधिक वजन का वेसल (वैक्यूम बायलर ) वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर गोमती नदी पुल के पास कैथी टोल प्लाजा से आगे बढ़ चुका है।

वाराणसी के संदहा से टोल प्लाजा तक आने में लोहे के दो फुटओवर ब्रिजों को खोलना पड़ा था। इसके बाद उसे पार कराया गया। शनिवार को वह जनपद सीमा में प्रवेश करेगा।

जनपद में करीब 70 किमी पर बिरनो क्षेत्र का मिर्जापुर टोल पड़ेगा, यहां लेन को तोड़ना पड़ेगा। हालांकि, टोल तक पहुंचने में करीब दो दिन का समय लगने का अनुमान है।

बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत आया वेसल या बॉयलर मशीन को ले जाने के लिए 308 पहियों वाले एक विशेष मल्टी एक्सल हाइड्रोलिक मॉड्यूलर ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह करीब दो सौ टन वजनी एक औद्योगिक बॉयलर है। इसे बलरामपुर चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट ले जाया जा रहा है। यह लगभग सौ फीट फीट लंबा वाहन है।

अत्यधिक भारी होने के कारण यह ट्रक रोजाना केवल बीस से तीस किलोमीटर की गति से चल रहा है। रास्ते में बड़े वाहनों और पुलों की वजह से कई स्थानों पर बिजली के तार और फुट ओवरब्रिज को अस्थायी रूप से हटाना या बदलना पड़ रहा है। हाईवे पेट्रोलिंग टीम व तकनीकी विशेषज्ञ लगातार इस काफिले के साथ चल रहे हैं।

कैथी टोल पर वेसल लाने का लगा 995 रुपये शुल्क

बेल्जियम से समुद्री रास्ते ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से बलरामपुर चीनी मिल के लिए निकला 200 टन से अधिक वजनी वाला वेसल (वैक्यूम बायलर) का शुक्रवार को कैथी टोल प्लाजा पहुंचने पर 995 रुपये का शुल्क काटा। सुबह संदहा से निकलने से पहले उमरहा में फुट ओवरब्रिज को हटाने के साथ साइनेज बोर्ड और बिजली के खंभे हटाए गए।

इस दौरान एक लेन पर वाहनों को बीच-बीच में बंद किया जा रहा था, जिससे वेसल को निकलने में कोई परेशानी नहीं हो। कैथी टोल प्लाजा के प्रबंधक प्रवीण कौशिक ने बताया कि ट्रेलर पर 17 नंबर का टैग लगा था। इसके गुजरने पर टोल प्लाजा पर 995 रुपये का शुल्क लिया गया।

यह भी पढ़ें- 200 टन के 'वेसल' को बेल्जियम से लाने में हो गए करोड़ों खर्च, भारत में क्यों नहीं बन सकी मशीन?

यह भी पढ़ें- 308 चक्के वाला ट्रक, 200 टन की मशीन और 2 करोड़ का डीजल... बेल्जियम से भारत आए सबसे बड़े वेसल की A टू Z डिटेल