पढ़ाई में बाधा बनी आर्थिक तंगी तो 7 समंदर पार से आई मदद, ऑस्ट्रेलिया के विशाल उठाएंगे यूपी की अंशिका की शिक्षा का जिम्मा
गाजीपुर की मेधावी छात्रा अंशिका गुप्ता की पढ़ाई का खर्च अब आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा। ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत विशाल अग्रहरि ने उसकी पूरी शिक्षा का जिम्मा उठाया है।

फ़ोटो मां के साथ छात्रा अंशिका गुप्ता
HighLights
अंशिका गुप्ता की पढ़ाई का खर्च उठाएंगे विशाल अग्रहरि।
ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत विशाल ने शिक्षा का जिम्मा लिया।
गाजीपुर की छात्रा को आर्थिक तंगी से मिली राहत।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। आर्थिक तंगी अब अंशिका गुप्ता की पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी। देवढ़ी गांव स्थित एसएस पब्लिक स्कूल की कक्षा एक की इस मेधावी छात्रा की पूरी पढ़ाई का खर्च ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत विशाल अग्रहरि उठाएंगे।
मानिकपुर (चित्रकूट) निवासी विशाल की इस पहल से छात्रा के बेहतर भविष्य की राह आसान होगी। साथ ही यह कदम जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए सक्षम लोगों को भी प्रेरित करेगा।
एसएस पब्लिक स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय आशुतोष सिंह ने कई दशक पहले शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की जो अलख जगाई थी, विद्यालय परिवार उसी सोच को आगे बढ़ा रहा है। इसी विचार से प्रेरित होकर विशाल ने अंशिका की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया है।
विद्यालय के प्रबंधक राधेश्याम सिंह ने बताया कि विशाल उनके छोटे पुत्र के मित्र हैं। दोनों ने साथ में बीटेक की पढ़ाई की है। अंशिका के परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिलने पर विशाल ने उसकी पूरी पढ़ाई का जिम्मा लेने की इच्छा जताई।