बलिया के अभिषेक तिवारी को मिली 1 करोड़ की फेलोशिप, अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में करेंगे पढ़ाई
बलिया के अभिषेक तिवारी ने लगभग एक करोड़ रुपये की फेलोशिप प्राप्त कर अमेरिका की प्रतिष्ठित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया है।

अभिषेक तिवारी
HighLights
अभिषेक तिवारी को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक करोड़ की फेलोशिप।
टीच फॉर इंडिया और मुख्य सचिव कार्यालय में किया कार्य।
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा का उपयोग देश के विकास में करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, बलिया। कभी बाढ़ और खेती में नुकसान के कारण परिवार को बलिया छोड़कर कोलकाता जाना पड़ा था। आज उसी परिवार के बेटे अभिषेक तिवारी ने करीब एक करोड़ रुपये की फेलोशिप हासिल कर अमेरिका की प्रतिष्ठित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रवेश पाया है। वह यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स (एसआईपीए) के मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (एमपीए) कार्यक्रम में पढ़ाई करेंगे।
जिले में शुरुआती शिक्षा प्राप्त करने वाले अभिषेक ने कोलकाता में वाणिज्य, लेखांकन और वित्त की पढ़ाई की। कारपोरेट क्षेत्र में नौकरी करने के बाद उन्होंने सामाजिक बदलाव के उद्देश्य से नौकरी छोड़ दी और ''टीच फॉर इंडिया'' फेलोशिप के तहत दिल्ली के वंचित बच्चों को पढ़ाया।
इसके बाद भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा के साथ इंटर्नशिप कर संसदीय कार्यप्रणाली और नीति निर्माण का अनुभव हासिल किया। उन्होंने सामाजिक संगठनों और विकास परियोजनाओं के साथ भी काम किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव कार्यालय में सलाहकार के रूप में उन्होंने गरीबी उन्मूलन, ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं पर कार्य किया। 75 जिलों में विकास योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का अनुभव रखने वाले अभिषेक का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और अनुभव का उपयोग देश के विकास में करना है।