विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में हर शनिवार-रविवार लगेगा वोटर रजिस्ट्रेशन कैम्प, घर-घर जाकर नाम जोड़ने में मदद करेंगे BLO

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:19 AM (IST)

गाजियाबाद में छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अवसर मिलेगा। प्रत्येक शनिवार-रविवार को बूथ ...और पढ़ें

कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते जिलाधिकारी। सौ. प्रशासन

कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते जिलाधिकारी। सौ. प्रशासन

HighLights

  1. गाजियाबाद में हर शनिवार-रविवार लगेंगे विशेष मतदाता शिविर।

  2. बीएलओ घर-घर जाकर छूटे हुए पात्रों के नाम जोड़ेंगे।

  3. युवाओं, मलिन बस्तियों, आश्रयहीन लोगों पर विशेष ध्यान।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को अब अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष अवसर मिलेगा। जिले में प्रत्येक शनिवार और रविवार को बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों, आश्रयहीन व्यक्तियों और वंचित वर्ग के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान को चलाने के लिए अपनाएंगे यह तरीका

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया...

  • बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना सात जनवरी 2025 की सूची से करेंगे।
  • दोनों सूचियों के मिलान से उन मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पुरानी सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं।
  • बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर फाॅर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे।
  • इस बीच नाइट शेल्टर, मलिन बस्तियों और आश्रयहीन लोगों के बीच विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

राजनीतिक दलों ने भी दिए सुझाव

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नंदग्राम के एफ और ई ब्लाॅक, नई बस्तियों, गुलजार कालोनी स्थित कुष्ठ आश्रम तथा राजनगर एक्सटेंशन की हाइराइज सोसायटियों में शिविर आयोजित करने के सुझाव दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिक्षण संस्थानों और स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से पंजीकरण प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। अभियान की समीक्षा के लिए अगली बैठक 12 अक्टूबर को हाेगी।

यह भी पढ़ें- सीजेपी के 'दिल्ली चलो' आह्वान पर गाजियाबाद पुलिस सख्त, बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद से चलने वाली ट्रेनों पर सीजेपी प्रदर्शन का असर, शनिवार को रद हो सकती हैं कई ट्रेनें