विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद से चलने वाली ट्रेनों पर सीजेपी प्रदर्शन का असर, शनिवार को रद हो सकती हैं कई ट्रेनें

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:23 PM (IST)

दिल्ली में प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन के कारण गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली 15 पैसेंजर और लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 5 ट्रेनें बीच रास्ते में रोकी गईं।

सीजीपी प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित, जागरण।

सीजीपी प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित, जागरण।

HighLights

  1. दिल्ली में सीजेपी प्रदर्शन के कारण ट्रेनें रद्द और प्रभावित हुईं।

  2. गाजियाबाद से दिल्ली की 15 ट्रेनें रद्द, 5 बीच में रोकीं।

  3. यात्रियों को शुक्रवार को भारी परेशानी हुई, शनिवार भी प्रभावित।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली में प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों को शुक्रवार को रद कर दिया है।

दिल्ली-एनसीआर रूट पर चलने वाली कुल 15 पैसेंजर और लोकल ट्रेनों को रद किया गया। जबकि पांच ट्रेनें आधी राह में रोकी गईं और बीच के स्टेशन से चलाई गईं हैं।

ट्रेनों के संचालन पर असर

दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को भी इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। पैसेंजर ट्रेनों के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। इससे दिन भर यात्री परेशान रहे। शनिवार को भी यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

रेलवे का दावा है कि प्रदर्शन के चलते नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसलिए कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेनों को दिल्ली तक लाने के बजाय बीच के स्टेशनों जैसे गाजियाबाद व शामली पर ही रोक दिया गया है और वहीं से वापस चलाया गया।

यात्रियों को उठानी पड़ रही परेशानी

ट्रेन का संचालन रुकने से शुक्रवार को सबसे अधिक दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रेन रद है। जिसके बाद वह वापस घर लौट गए। वहीं गाजियाबाद से बड़ी संख्या में छात्र दिल्ली जाते हैं लेकिन उन्हें शुक्रवार को ट्रेन की बजाय दूसरे साधन से दिल्ली जाना पड़ा।

शनिवार को भी प्रभावित रहेंगी ट्रेनें

रेलवे के अधिकारियों का दावा है कि शनिवार को भी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। शनिवार को भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए स्टेशन के सूचना बोर्ड, लाउडस्पीकर, मोबाइल संदेश के माध्यम से पल-पल की जानकारी दी जा रही है।

आधी राह में रोकी गईं और बीच के स्टेशन से चलाई गईं ट्रेनें

  • अलीगढ़ - दिल्ली (64151): इस ट्रेन को दिल्ली तक न लाकर गाजियाबाद स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
  • नई दिल्ली - अलीगढ़ (64110): यह ट्रेन नई दिल्ली के बजाय गाजियाबाद स्टेशन से ही अलीगढ़ के लिए रवाना की गई।
  • धनकौर - दिल्ली (64107): इस ट्रेन को भी दिल्ली के बजाय गाजियाबाद स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया।
  • दिल्ली - खुर्जा (64106): यह ट्रेन दिल्ली से चलने के बजाय गाजियाबाद स्टेशन से ही खुर्जा के लिए चलाई गई।
  • हारनपुर -शामली-दिल्ली (64028): इस ट्रेन को दिल्ली तक न लाकर शामली स्टेशन पर ही रोक दिया गया।

रद की गई प्रमुख ट्रेनें

सीजेपी प्रदर्शन के कारण उत्तर रेलवे द्वारा कुल 15 ट्रेनों को पूरी तरह से रद रखा गया है। रद की गई ट्रेनों में 64418(दिल्ली से गाजियाबाद), 64407 (गाजियाबाद से दिल्ली), 64001(दिल्ली से पानीपत), 64429(गाजियाबाद से नई दिल्ली), 64471 (गाजियाबाद से नई दिल्ली होकर पानीपत), 64904 (गाजियाबाद से मथुरा), 64445 (गाजियाबाद से दिल्ली) शामिल है। 

इसके अलावा 64412 (दिल्ली से गाजियाबाद), 64906 (गाजियाबाद से दिल्ली होकर पलवल), 64019 (पलवल से नई दिल्ली होकर शकूरबस्ती), 64018 (शकूरबस्ती से नई दिल्ली), 64082 (नई दिल्ली से पलवल), 64051 (पलवल से गाजियाबाद), 64092(कुरुक्षेत्र से दिल्ली) और 54307(मुरादाबाद से दिल्ली) भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- सीजेपी आंदोलन पर गाजियाबाद पुलिस की सख्ती, कांग्रेस-आप नेताओं को किया हाउस अरेस्ट